पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने पटना में रहने वाले एक शख्स को ऐसा मेल भेजा, जिसे पढ़कर वह सकते में आ गया। दरअसल शख्स को आईएसआई की तरफ से मेल के जरिए एक भर्ती पत्र भेजा गया। आईएसआई के निदेशालय की ओर से भेजा गए मेल उस शख्स को बताया गया था कि उसे संगठन में अस्थाई तौर पर भर्ती किया गया है। सभी मानदंडों को पूरा करने के बाद उसे स्थाई नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा। मेल को लेकर उस शख्स ने एफआईआर दर्ज करा दी है।
रिजवान अहमद नाम का शख्स जमात-ए-इस्लामी हिंद की बिहार इकाई का मुखिया है। वह पटना में रहता है। पाक की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने उसे 6 दिसंबर को पत्र भेजा था। हालांकि उसने उसे तीन दिन बाद पढ़ा। खुफिया एजेंसी द्वारा भेजे गए मेल में लिखा गया है, "डियर कैंडिडेट, हमारे संगठन में भर्ती के लिए तुम्हें नियुक्त किया गया है। आपकी भर्ती फिलहाल के लिए अस्थाई तौर पर है। नियुक्ति प्रक्रिया संबंधी सभी मानकों को पूरा कर लेने के बाद आपको स्थानी नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।"
मेल में रिजवान को सलाह भी दी गई है कि वो मेल को किसी अन्य व्यक्ति को न भेजे। यह एक गोपनीय मेल है इसे किसी अन्य को फॉरवर्ड न किया जाए। साथ ही इस मेल में यह भी कहा गया है कि उम्मीदवार इस मेल के साथ भेजे गए लिंक को खोलकर अपना आवेदन पत्र को डाउनलोड कर ले। रिजवान ने बताया कि उसको यह मेल 6 दिसंबर को शाम 4:26 को भेजा गया था, लेकिन वो इस मेल को तीन दिन बाद पढ़ पाया।