राष्ट्रपति भवन की तरह संसद और संसदीय सौध को चमकाने के लिए मोदी सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है।
इस बारे में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने बृहस्पतिवार को शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू के साथ बैठक कर संसद भवन परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
नायडू ने सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से संसद के सौंदर्यीकरण के लिए राष्ट्रपति भवन की साफ-सफाई और रखरखाव के उनके तरीकों की समीक्षा कर जरूरत के मुताबिक संसद भवन परिसर में भी उसे लागू करने का सुझाव दिया।
सीपीडब्ल्यूडी के कामकाज पर चिंता जाहिर करते नायडू ने विभाग के अधिकारियों को संसद और संसदीय सौध में चल रहे सभी निर्माण कार्य अक्टूबर 2015 तक पूरा करने का निर्देश भी दिया।