भारतीय सैनिकों के साथ पाकिस्तानी सेना की बर्बरता के बाद भले ही सीमा पर तनाव बढ़ गया हो, लेकिन पाक कलाकारों का एक समूह शांति का पैगाम लेकर भारत आया है। पाकिस्तानी थिएटर डायरेक्टर जेन अहमद ने रविवार को यहां कहा कि दोनों देशों के लोग सीमा पर शांति चाहते हैं। हम भारत-पाक के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान नियमित करने और वीजा प्रणाली सुगम होते देखना चाहते हैं।
अहमद उस 7 सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं जो कराची की नेशनल अकादमी ऑफ परफोर्मिंग आर्ट्स से ‘मंटो और गालिब: एक गुफ्तगू’ का प्रदर्शन करने भारत आई है। अहमद और उनके साथियों ने रविवार को एपीजे कोलकाता लिटरेरी फेस्टिवल में इस नाटक का मंचन किया। अब यह टीम बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में ‘मंटो रामा’ का प्रदर्शन करेगी।