म्यांमार में घुसकर आतंकवादियों का सफाया करने की भारतीय सेना की कार्रवाई से सहमा पाकिस्तान अब बौखलाहट में धमकी देने पर उतारू हो गया है। पाक सेना प्रमुख राहील शरीफ ने भारत पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए धमकी दी है कि पाकिस्तान कश्मीर के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार है।
उन्होंने भारत पर अपने देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। पाक सेना प्रमुख की यह टिप्पणी उस बयान के तीन दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी को भी पाक पर बुरी निगाह डालने की हिमाकत नहीं करनी चाहिए।
पाक नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड के मौके पर अपने संबोधन में सेनाध्यक्ष राहील शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं की हिफाजत और हितों की सुरक्षा के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार है। चाहे वह कश्मीर हो, नए बंदरगाहों का विकास हो या फिर प्राकृतिक संसाधनों की खोज हो।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति के लिए दूसरे देशों के साथ सहयोग की इच्छा दिखाई है, लेकिन यह राष्ट्रीय हितों, संप्रभुता के अधिकारों और राष्ट्रीय गौरव कीमत पर कतई नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चीन-पाक आर्थिक गलियारा इस क्षेत्र के लोगों की जिंदगी बदलने का माद्दा रखता है। राहील शरीफ ने कहा कि पाक दुश्मन के अभियानों से हमेशा सतर्क रहा है।