आम चुनावों से पहले पाक सीमा पर चल रहे विवाद को लेकर अक्सर यूपीए सरकार को निशाने पर लेने वाले नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद भी चीजें बदलती नहीं दिख रही हैं।
26 मई को नई सरकार के सत्ता में आने के बाद से लेकर अब तक पाकिस्तान की ओर से 19 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है। जबकि कई बार घुसपैठ की कोशिशें भी हुई हैं। ताजा घटना मंगलवार सुबह की है, जिसमें सेना की नागा रेजीमेंट के नायम मोंगचोन बी भी शहीद हो गए जबकि दो घायल हो गए।
जम्मू कश्मीर में पाक सीमा पर संदिग्ध आतंकियों ने घुसपैठ की दो कोशिशें कीं। हालांकि जवानों की मुस्तैदी के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे पलांवाला क्षेत्र में पाक रेंजरों ने गोलाबारी की। जबकि दूसरी घटना कठुआ जिले की है।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि हीरानगर सेक्टर में सोमवार देर रात 68 बटालियन के जवानों ने दो लोगों को घुसपैठ की कोशिश करते हुए पाया। चेतावनी के बाद हुई फायरिंग में एक घुसपैठिया मारा गया जबकि एक पाकिस्तान भागने में कामयाब रहा।
इस दौरान सुरक्षा बलों ने केरी सेक्टर में एके-47 के 41 राउंड बरामद किए। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने कुछ अन्य सामग्री भी बरामद की है जिसका खुलासा नहीं किया गया है। घुसपैठ व संघर्ष विराम की बढ़ती घटनाओं से इधर दिल्ली का सियासी पारा भी चढ़ गया और एनडीए को संसद में सवालों का सामना करना पड़ा।
सरकार देश के सिर को झुकने नहीं देगी: जेटली
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने सरकार पर तीखा वार करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने से पहले यूपीए सरकार को कमजोर कहते थे। अब जब लगातार पाकिस्तान की ओर से युद्घ विराम का उल्लंघन हो रहा है तो सरकार क्यों सिर झुका कर बैठी है।
इसके जवाब में रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों ने पाकिस्तान के हमलों का कड़ा जवाब दिया है। जेटली ने राजनीतिक दलों को इस मुद्दे को राजनीति से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि न तो नई सरकार का सिर झुका है और न ही सरकार देश के सिर को कभी झुकने देगी।
रक्षा मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान सदन को बताया कि चालू वर्ष में 54 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ। 26 मई और 17 जुलाई के बीच नियंत्रण रेखा पर 19 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ है और इसके बाद भारत की ओर से इसका कड़ा जवाब दिया है।
हाल में हुआ सीजफायर का उल्लंघन
कब-कब हुआ सीजफायर का उल्लंघन
20 जुलाई : अरनिया व आरएस पुरा के पास गांवों व 15 चौकियों पर भारी गोलाबारी
19 जुलाई : पीतल-पिंडी चौकी पर फायरिंग
18 जुलाई : अरनिया में पाक की ओर से फायरिंग
16 जुलाई : पाक फायरिंग में एक जवान की मौत, 6 घायल
12 जुलाई : छोटे हथियारों से पिंडी बेल्ट स्थित भारतीय चौकियों पर फायरिंग
पाक से बंद हो वार्ता: शिवसेना
पाकिस्तान के साथ ‘साड़ी व शॉल’ डिप्लोमेसी की आलोचना करते हुए मौजूदा एनडीए सरकार के सहयोगी दल शिवसेना ने कहा है कि पड़ोसी मुल्क एलओसी पर भारतीय जवानों पर हमला कर रहा है। ऐसे में उससे हर तरह की बातचीत बंद होनी चाहिए। साथ ही ही पाकिस्तान को करारा जवाब देना चाहिए।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, ‘यह साड़ी और शॉल डिप्लोमेसी क्या है? पाकिस्तान के साथ किसी तरह की बातचीत नहीं होनी चाहिए। सरकार में आने से पहले भी हमारा यही कहना था और अब भी यही कहना है। क्या हम शहीद जवानों के शव को ही गिनते रहेंगे। अगर वे हमारे एक जवान को मारेंगे, तो हम उनके दस मारेंगे।’