सीमा पर लगातार तनाव के बावजूद पाकिस्तान और हमले करने की ताक में है। भारतीय सेना को मिली जानकारी के मुताबिक पाक की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) हमलों की तैयारी कर रही है।
हालांकि सैन्य अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना सीजफायर का उल्लंघन कर भारी गलती कर रही है। अगर दोबारा उसने ऐसा हमला किया तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
रजौरी में 25वीं इन्फेंट्री डिवीजन के मेजर जनरल वी.पी सिंह ने पाकिस्तान को कहा है कि वह सीजफायर का उल्लंघन और बैट हमलों को अंजाम देकर लगातार गलतियां कर रहा है।
पढ़ें, पाकिस्तान का दुस्साहस, फायरिंग में तीन जवान जख्मी
उन्होंने पाक ऐसा न करने के लिए चेताया। मेजर जनरल सिंह बीएटी की ओर से कार्रवाई किए जाने से जुड़ी सूचनाओं पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने पाक को चेताते हुए कहा, 'आप लगातार गलतियां कर रहे हैं। आपकी सेना इस तरफ जो कर रही है उससे हम पर कोई उल्टा असर नहीं होने जा रहा है। ऐसे हमले हमें और हमारे मजबूत इरादों को हरगिज नहीं डिगा सकते।'
उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान को उसकी गुस्ताखियों की सजा मिलेगी। सजा कब और कहां मिलेगी यह हम तय करेंगे। यह सेना का मामला है और जब हम जवाब देंगे तो तब पाकिस्तान को पता चल जाएगा कि जवाबी कार्रवाई क्या होती है।'
पढ़ें, भारत की दो टूक, पाक पहले कार्रवाई करे फिर होगी बात
गौरतलब है कि बीएटी पाकिस्तान स्पेशल फोर्स के सैनिकों और आतंकवादियो से मिल कर बनी है इसने ही जनवरी में दो और इस महीने पुंछ में पांच भारतीय सैनिकों को मार डाला था। बीएटी के हमलावर जनवरी में शहीद हुए दो भारतीय सैनिकों में से एक का सिर भी काट कर ले गए थे।
सेना को बीएटी की तैयारियों की सूचना मिल चुकी है। सेना के अधिकारियों के मुताबिक इस साल जनवरी से अगस्त की पांच तारीख तक पाकिस्तानी टुकड़ियां 70 बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुकी है।
पिछले साल की समान अवधि की तुलना में यह 85 फीसदी ज्यादा है। हाल के दिनों में दोनों ओर से हुई जबरदस्त फायरिंग के बाद 2003 में हुए भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा समझौता का जारी रहना मुश्किल लगने लगा था।
एनडीए सरकार के दौरान आपसी विश्वास की बहाली के तहत दोनों ओर से गोलाबारी रोकने का समझौता हुआ था। इस साल 26 नवंबर को इस समझौते का एक दशक पूरा हो जाएगा।
मेंढर और कुपवाड़ा में फिर फायरिंग
इध्ार, पाकिस्तान की ओर से लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन जारी है।
रविवार दोपहर 2.05 बजे पुंछ के मेंढर और कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलियां चलाईं। मोर्टार, रॉकेट से हमला किया। जवाब में भारतीय सैनिकों ने गोलियां चलाईं।
उधर, कुपवाड़ा जिले के साथ लगती नियंत्रण रेखा पर रविवार तड़के सेना के जवानों ने आतंकियों के घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया।
सेना की कार्रवाई के दौरान कुछ आतंकियों के मारे जाने की संभावना है, लेकिन उनके शव पाक सीमा में पड़े होने के कारण कब्जे में नहीं लिए जा सके हैं।
क्षेत्र में इस सप्ताह पाक सैनिकों द्वारा घुसपैठ करवाने का यह दूसरा प्रयास है। इससे पहले 14 अगस्त को भी इसी क्षेत्र में घुसपैठ का प्रयास किया गया था। जिसमें चार आतंकी मारे गए थे।
नापाक हरकत:-
जनवरी से अगस्त तक 70 बार सीजफायर का उल्लंघन।
सीजफायर के उल्लंघन के मामले 85 फीसदी बढ़े।
2003 में हुए समझौते को दरकिनार करने की कोशिश।
समझौते पर संकट:-
सीजफायर पर समझौता एनडीए सरकार के दौरान।
पाक की हरकतों से 2003 में हुआ समझौता खतरे में।
बीएटी की ओर से लगातार सीजफायर उल्लंघन।
इस साल नवंबर में समझौते का एक दशक पूरा।
गुपचुप तैयारी:-
बीएटी और हमले की तैयारी में।
भारतीय सेना को मिली जानकारी।
पुंछ में और हमलों की साजिश।
भारत के तीखे तेवर:-
सीजफायर उल्लंघन पर पाक को कड़ी चेतावनी।
हमला करके भारी भूल करेगा पाक।
भारत ने कहा, पाक को गुस्ताखियों की सजा मिलेगी।
सेना ने कहा, सजा का वक्त और जगह तय करेंगे।