नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की बर्बरता को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद पाकिस्तान के साथ रिश्ते पहले जैसे नहीं रह सकते।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि पाक सेना ने भारतीय सैनिकों के साथ बर्बरता की है। पाकिस्तान को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ रिश्तों में अब पहले जैसी बात नहीं रह सकती। पाकिस्तान को हालात समझते हुए अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए।
इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सुषमा स्वराज और अरुण जेटली से मुलाकात की। मेनन ने दोनों नेताओं को नियंत्रण रेखा के हालात और पाकिस्तान के साथ हुई फ्लैग मीटिंग की जानकारी दी।