अमेरिका के एक थिंक टैंक ने सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों के आधार पर कहा है कि पाकिस्तान के खुशाब में चौथे परमाणु रिएक्टर ने काम करना शुरू कर दिया है। इससे पाक बड़े पैमाने पर प्लूटोनियम से तैयार होने वाले छोटे परमाणु हथियार बनाएगा।
अमेरिका के विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा संस्थान के डेविड अलब्राइट ने बताया कि 15 जनवरी 2015 को डिजिटल ग्लोब हाई रेजोल्यूशन सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि खुशाब के इस चौथे परमाणु रिएक्टर का बाहरी काम पूरा हो चुका है और इसने काम करना शुरू कर दिया है।
अलब्राइट ने बताया कि रिएक्टर के शुरू होने का आकलन इसके कूलिंग सिस्टम से निकल रही भाप के आधार पर किया गया है। उन्होंने बताया, ‘यह रिएक्टर पाकिस्तान के उस कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत पाक प्लूटोनियम से तैयार किए जाने वाले परमाणु हथियारों का निर्माण बढ़ाना चाहता है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में पाक के परमाणु हथियारों की संख्या भारत के परमाणु हथियारों की संख्या से भी काफी अधिक है। पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के जखीरे में दिन-ब-दिन वृद्धि होती जा रही है और यह दुनिया के अन्य देशों की तुलना में काफी तेजी से हो रहा है।