पाकिस्तान में बृहस्पतिवार को संजय दत्त की फिल्म ‘पुलिसगिरी’ और अमेरिकी फिल्म ‘मैन ऑफ स्टील’ के प्रदर्शन पर पाबंदी लगा दी गई। हालांकि इस फैसले के पीछे कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई।
केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सिर्फ इतना कहा गया कि फिल्में मोशन पिक्चर्स ऑर्डिनेंस ऑफ 1979 का उल्लंघन करती हैं। इस लिए उनके प्रदर्शन पर पाबंदी लगा दी गई है।
हालांकि दोनों फिल्में कई सप्ताह पहले ही पाकिस्तान के प्रमुख शहरों में प्रदर्शित हो चुकी हैं। कराची और लाहौर जैसे शहरों में तो अब भी उनका प्रदर्शन चल रहा है।
संजय दत्त, प्राची देसाई और प्रकाश राज अभिनीत ‘पुलिसगिरी’ 2003 की सुपरहिट तमिल फिल्म ‘सामी’ की रीमेक है।
इसे जानेमाने निर्देशक के एस रविकुमार ने बनाया है। 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले में जेल जाने से पहले संजय दत्त ने फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली थी।
एक सख्त पुलिस अधिकारी के जीवन पर बनी यह फिल्म भारत में पांच जुलाई को प्रदर्शित की गई थी। वहीं, जैक सिंडर द्वारा निर्देशित ‘मैन ऑफ स्टील’ अमेरिकी सुपरहीरो सुपरमैन सीरिज की फिल्म है।