पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक की अपने जन्मदिन पर बेगम संग ताजमहल का दीदार करने की ख्वाहिश एक बार फिर अधूरी रह गई।
केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के निमंत्रण पर 11 से 13 दिसंबर तक भारत दौरे पर आने वाले मलिक अब 14 दिसंबर को यहां पहुंचेंगे। इससे पहले उन्होंने 12 दिसंबर को अपने जन्मदिन वाले दिन ताजमहल घूमने की इच्छा जाहिर की थी और सरकार ने इसके लिए विशेष इंतजाम का भरोसा दिलाया था।
मलिक ने ट्विटर पर कहा, ‘मैं मिस्टर शिंदे का तहेदिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे अपना जन्मदिन मनाने के लिए आगरा आने का निमंत्रण दिया। मगर दुर्भाग्य से मैं 12 दिसंबर को भारत नहीं आ सकूंगा। अब मैं 14 दिसंबर को आऊंगा।’
पाक नेता ने बताया कि तुर्की के आधिकारिक दौरे के चलते वह 11 से 13 दिसंबर तक भारत नहीं आ सकते। अब उनके प्रस्तावित दौरे की तारीख 14 से 16 दिसंबर तय हुई है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि 13 दिसंबर को संसद हमले की बरसी के चलते मलिक ने इस यात्रा को टाला है ताकि उस दिन वह भारत में नहीं रहें। इस यात्रा का मुख्य मकसद भारत और पाकिस्तान के बीच नए वीजा नियमों पर हस्ताक्षर कर हरी झंडी देना है।