पाकिस्तान ने भारतीय सिख तीर्थ यात्रियों के जरिए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को हराने का संदेश भेजा है।
ये साढ़े तीन हजार तीर्थयात्री दस दिन की पाकिस्तान यात्रा पर थे और इस दौरान लाहौर में पाकिस्तान के सरकारी प्रवक्ता ने अपने भाषण में गुजरात दंगों में अल्पसंख्यकों पर जुल्म ढाने और सिख किसानों को गुजरात से भगाने के आरोप लगाते हुए मोदी को हराने की अपील की।
इन यात्रियों में जयपुर के तीन दर्जन यात्री शामिल थे, तो हाल ही लौटे हैं। यात्रियों ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के सरकारी अधिकारियों के सामने पाकिस्तान सरकार के प्रवक्ता की इस अपील का विरोध दर्ज करवाया।
मोदी को बताया मुस्लिम और सिख विरोधी
पाकिस्तान से लौटे जयपुर के हरचरण सिंह सोनी ने बताया कि लाहौर के शाही किले में 17 अप्रैल को पश्चिमी पाकिस्तान के गर्वनर मोहम्मद सरवर की मेजबानी में भारतीय सिख तीर्थ यात्रियों के लिए शिष्टाचार भोज का आयोजन किया गया था।
इस दौरान पाकिस्तान के सरकारी प्रवक्ता ने अपने भाषण में कहा कि भारत में हो रहे आम चुनाव में भाजपा और नरेंद्र मोदी को हराएं।
प्रवक्ता ने कहा था कि मोदी 2002 के दंगों के कारण मुस्लिम विरोधी हैं और उन्होंने सिख किसानों को गुजरात से निकाल दिया है। मुस्लिम और सिख विरोधी मोदी को हराकर सबक सिखाएं।
पाकिस्तान में भारत के चुनाव को लेकर उत्सुकता
पाकिस्तान से लौटे एक अन्य तीर्थ यात्री ज्ञानचंद ने बताया कि प्रवक्ता के भाषण को सुनकर तीर्थ यात्री हैरान रह गए। भाषण में कहा था कि आप अपना वोट मोदी को नहीं दें। देश के दूसरे लोगों को भी मोदी को हराने के लिए कहें।
इसका विरोध उन्होंने पाकिस्तान के सरकारी अधिकारियों के सामने किया।
तीर्थ यात्री हरचरण सिंह व शीतल दास ने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते वे ज्यादा लोगों से नहीं मिल पाए, लेकिन वहां के लोगों में भारत के आम चुनाव के प्रति उत्सुकता दिखी। कुछ लोगों ने तो भारतीय यात्रियों से मोदी की जीत को लेकर सवाल पूछे।