हिंदुस्तान और हिंदुओं के खिलाफ भड़काऊ भाषण के मामले में घिरे मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने पुलिस के समक्ष हाजिर होने के लिए चार दिन का समय मांगा है। ओवैसी के खिलाफ पिछले सप्ताह भड़काऊ भाषण देने के आरोप में कई थाना क्षेत्रों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इससे पहले, कहा जा रहा था कि कथित तौर पर घृणा फैलाने वाला भाषण देने पर मामला दर्ज होने के बाद एमआईएम के विधायक अकबरूद्दीन आज पुलिस के सामने पेश हो सकते हैं लेकिन ओवैसी ने आज पुलिस को दी अपनी अर्जी में चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए पेशी के लिए और समय की मांग की है।
ओवैसी कथित तौर पर लंदन में इलाज करवाने के बाद सोमवार सुबह हैदराबाद लौटे। ओवैसी जब शमसाबाद हवाईअड्डे पर उतरे तो वहां एमआईएम के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
गौरतलब है घृणा फैलाने वाला भाषण देने के मामलों की जांच के सिलसिले में ओवैसी को 4 जनवरी को नोटिस जारी किए गए थे और उन्हें आदिलाबाद जिले में निर्मल (ग्रामीण) पुलिस के समक्ष आज (7 जनवरी को) तथा निजामाबाद दो टाउन पुलिस के समक्ष आठ जनवरी को पेश होने का आदेश दिया गया था।
उस्मानिया विश्वविद्यालय पुलिस ने भी ओवैसी को नोटिस भेजा था और दस जनवरी को पेश होने के लिए कहा था। ओवैसी के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए आदिलाबाद और निजामाबाद जिलों में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
तीसरा मामला उस्मानिया विश्वविद्यालय पुलिस ने दर्ज किया है। यह मामले एमआईएम नेता द्वारा पिछले माह हिंदुओं के खिलाफ कथित तौर पर दिए गए भड़काऊ भाषणों के सिलसिले में दर्ज किए गए हैं।
ओवैसी के खिलाफ खिलाफ राजद्रोह या इसकी कोशिश करने, धर्म-जाति-भाषा के आधार पर घृणा फैलाने और धार्मिक भावना भड़काने या किसी धर्म या धार्मिक विश्वास का अपमान करने के उद्देश्य से जानबूझ कर की गई कार्रवाई के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
कौन है अकबरुद्दीन ओवैसी
अकबरुद्दीन ओवैसी मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (एमआईएम) के प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के भाई है।
आंध्रप्रदेश में एमआईएम के सात विधायक हैं और अकबरुद्दीन ओवैसी विधानसभा में पार्टी के विधायक दल के नेता हैं। ओवैसी परिवार का हैदराबाद ओल्ड सिटी में पिछले 40 साल से दबदबा है। यहां अल्पसंख्यकों की संख्या 40 फीसदी से ज्यादा है।
लंदन से वकालत की पढ़ाई कर चुके अकबरुद्दीन ओवैसी की छवि आंध्रप्रदेश की राजनीति में बाहुबली विधायक की है। वे तस्लीमा नसरीन को जान से मारने की धमकी देने और मुंबई हमले के गुनहगार कसाब को बच्चा कहने की वजह से विवादों में रहे हैं।