पूरी दुनिया में मोस्ट वांटेड रहे जिस ओसामा बिन लादेन को ढूंढने के लिए अमेरिका ने जमीन आसमान एक कर दिया था उसे पाकिस्तान की ट्रैफिक पुलिस ने ही पकड़ लिया था।
ओसामा को पकड़ने में अमेरिका को लगभग एक दशक का समय लगा लेकिन आठ साल पहले ही पाकिस्तान में ट्रैफिक पुलिसवाले ने ओसामा की कार को रोका था। हांलाकि तब भी वह बच निकला था।
न्यूज वेबसाइट अल जजीरा को लीक हुई एबटाबाद आयोग की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
अमेरिका के लादेन को मारने के बाद इस मामले की जांच के लिए पाकिस्तान में एबटाबाद आयोग का गठन किया गया था। आयोग की लीक हुई रिपोर्ट में ही ओसामा के पाकिस्तान में ही बचकर रहने के बारे में बताया गया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आसोमा बिन लादेन लगभग एक दशक तक खुफिया एजेंसियों की नजर से बचकर पाकिस्तान में ही रहा था। वह बाहर भी आता जाता था लेकिन कभी पकड़ा नहीं जा सका।
इसी रिपोर्ट में ही आसोमा के ट्रैफिक पुलिस के पकड़े जाने की बात कही गई है। यह जानकारी लादेन के विश्वसनीय बॉडीगार्ड इब्राहिम-अल-कुवैत की पत्नी मरियम के हवाले से दी गई है।
मरियम के बयान के अनुसार ओसामा अपने दोनों बॉडीगार्ड के साथ अक्सर बाहर जाया करता था। ऐसे ही एक दिन तेज कार चलाने के कारण उसे ट्रैफिक पुलिसवालों ने रोक लिया था लेकिन इब्राहिम ने जल्दी ही सारा मामला संभाल लिया था।
पुलिसवाले ओसामा को पहचान नहीं पाए या उन्होंने इसके पैसे लिए इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई है।