फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भ्रष्टाचार: कांग्रेस का विपक्ष पर पलटवार

Sun, 04 Nov 2012 11:39 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लगातार कठघरे में खड़ी की जा रही यूपीए सरकार और कांग्रेस के बचाव में सोनिया गांधी ने विपक्ष पर तगड़ा जवाबी वार किया है। रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की महारैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सीधे भाजपा नेतृत्व को निशाना बनाते हुए कहा कि जो लोग हम पर आरोप लगा रहे हैं वे खुद भ्रष्टाचार के कीचड़ में आकंठ डूबे हैं।
विज्ञापन


अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’ को कांग्रेस द्वारा कर्ज देने के मामले पर गरमाई सियासत का जिक्र किए बिना सोनिया ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया और कहा कि कांग्रेस का दिल, दामन और नीयत साफ है। इसलिए पार्टी को किसी से आंख चुराने की जरूरत नहीं। सोनिया ने महारैली में मौजूद पचास हजार से ज्यादा लोगों को यह भरोसा दिलाया कि भ्रष्टाचार के किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए संसद से लोकपाल बिल पारित कराने की प्रतिबद्धता जाहिर की। यह रैली मुख्य रूप से रिटेल क्षेत्र में विदेशी निवेश (एफडीआई) के साथ सरकार के आर्थिक सुधारों के समर्थन में बुलाई गई थी, मगर भ्रष्टाचार की सियासत इसमें हावी रही।
विज्ञापन


साफ दिख रहा था कि कांग्रेस और सरकार के महारथी भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनता के गुस्से को कम करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भी कहा कि भ्रष्ट लोगों को सजा जरूर मिलनी चाहिए। मगर हमें ऐसा माहौल भी नहीं बनाना चाहिए कि ईमानदार अफसर काम ही न कर सकें।

महारैली में जुटी भीड़ से गदगद सोनिया ने कहा कि सरकार और पार्टी पर तमाम इल्जाम लगाए जा रहे हैं। मगर सच और झूठ की परख जरूरी है। भाजपा अध्यक्ष नीतिन गडकरी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का सोनिया ने सीधे तो उल्लेख नहीं किया मगर कटाक्ष किया कि जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, उसके लिए कुंआ तैयार रहता है।

इस बीच रैली में कांग्रेस के धुरंधर रिटेल में एफडीआई के पक्ष में माहौल बनाने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि रिटेल में विदेशी सुपरमार्केटों के आने से किसानों और उपभोक्ताओं को फायदा होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के तेज आर्थिक विकास के लिए ज्यादा से ज्यादा विदेशी निवेश और उद्योग जगत में सकारात्मक माहौल की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार ने हाल में देशहित में कुछ कदम उठाए हैं, जिन्हें लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।’ वहीं सोनिया गांधी ने कहा, ‘एफडीआई से युवा-बेरोजगारी कम होगी।’ राहुल गांधी ने कहा, ‘विपक्ष एफडीआई के मुद्दे पर किसानों को गुमराह कर रहा है। इससे किसानों को फायदा होगा। देश में शीतगृह और खाद्य प्रसंस्करण केंद्र बनाने के लिए पैसा आएगा जिससे सीधे किसानों को लाभ पहुंचेगा।’

राहुल बोले- आम आदमी के लिए बंद हैं सिस्टम के दरवाजे
1- हमारा राजनीतिक सिस्टम हमारी समस्या है। आम आदमी और कमजोरों के लिए इस सिस्टम के दरवाजे बंद हैं। यह सिस्टम आम आदमी को ठोकर मारता है। हम इस सिस्टम के दरवाजे खोलेंगे।
2- लोकपाल बिल : आप देखिएगा हम जल्दी ही लोकपाल बिल को संसद में पारित करा लेंगे। विपक्ष पिछले कुछ मौकों पर इसे पारित होने से रोकता रहा, लेकिन हम इसे फिर लाएंगे।
3-भूमि अधिग्रहण : यूपीए सरकार गरीबों को लिए काम करती रहेगी। हम सुनिश्चित करेंगे कि कोई भूखा न सोए और न ही गरीबों की जमीन का किसी प्रकार से अधिग्रहण किया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें