गुजरात में पटेल आरक्षण की आग को हवा देने वाले हार्दिक पटेल को हीरो बनाने में अहम योगदान पुलिस का था। गुजरात के ताजा हालात तो कम से कम यही कहानी बयां कर रहे हैं।
जिस तरह से आरक्षण के मुद्दे पर हार्दिक पटेल के आह्वान पर लोग सड़क पर उतरे उससे घबराकर पुलिस ने जल्दबाजी में हार्दिक को गिरफ्तार करने का फैसला लिया। बस यही वो कदम था जिसने गुजरात में हालात को बेकाबू कर दिया।
मंगलवार को जीएमडीसी मैदान में रैली के दौरान पुलिस द्वारा हार्दिक को गिरफ्तार करने के बाद समर्थकों पर लाठीचार्ज करने का दांव पुलिस के लिए उल्टा पड़ गया। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर खासी प्रतिक्रिया देखने को मिली जिससे मामला ज्यादा गंभीर हो गया।
एक दिन पहले तक हजारों समर्थकों की भीड़ का समर्थन हासिल करने वाले हार्दिक पटेल के समर्थन में जीएमडीसी मैदान में लाखों की संख्या में भीड़ पहुंची हुई थी। लेकिन पुलिस के एक कदम ने हालात बिगाड़ दिए।