नई फसल का प्याज मंडियों में पहुंचते ही दाम घटने शुरू हो गए हैं।
दिल्ली की आजादपुर मंडी में प्याज का अधिकतम भाव 6,250 रुपये प्रति क्विंटल से घटकर 4,750 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया है।
सरकार ने भी व्यापारियों के जरिए विदेशी प्याज मंगाने की कोशिशें तेज कर दी हैं।
सोमवार को नेफेड के अधिकारियों ने प्याज के आयात से जुड़ी दिक्कतें दूर करने के लिए व्यापारियों के साथ बैठक की थी।
नेफेड के एमडी संजीव चोपड़ा खुद बैठक में मौजूद थे। अगले सप्ताह तक अफगानिस्तान और पाकिस्तान से करीब 600 टन प्याज के आयात की उम्मीद है। हालांकि, प्याज की थोक कीमतों में आई करीब 15 रुपये प्रति किलो की गिरावट का असर खुदरा बाजार तक पूरी तरह नहीं पहुंचा है।
दिल्ली की कॉलोनियों में अभी भी प्याज 65-70 रुपये किलो के बीच बिक रहा है, जबकि आजादपुर मंडी में प्याज का भाव 45-50 रुपये किलो है।