जेल में मोबाइल फोन रखने के आरोप में तहलका के संस्थापक संपादक तरुण तेजपाल के खिलाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीन दिन पहले तरुण तेजपाल के बिस्तर के नीचे से मोबाइल फोन बरामद हुआ था।
गोवा (दक्षिण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय सिंह के मुताबिक मोबाइल रखने के आरोप में तेजपाल के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। तेजपाल के अलावा छह अन्य लोगों के खिलाफ भी मामले दर्ज कराए गए हैं।
ये लोग पणजी से 40 किलोमीटर दूर स्थित साडा उप जेल में बंद हैं। इनके पास से भी मोबाइल फोन बरामद हुए थे। पुलिस ने बताया कि तेजपाल के खिलाफ धारा 120, 120 (बी) (आपराधिक षड्यंत्र), 130 (दूसरे अपराधियों की मदद करने के लिए) 188 (जेल नियमों का उल्लंघन करने के लिए) और जेल कानून की धारा 46 के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
इससे तेजपाल को जेल में मिली सुविधाओं में कटौती हो सकती है। गौरतलब है कि 50 वर्षीय तेजपाल अपने एक जूनियर सहक र्मी से यौन दुर्व्यवहार के आरोप में गोवा की साडा उप जेल में बंद हैं।