पुलिस ने पुणे सीरियल बम धमाकों के सिलसिले में एक और संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी बंटी जहांगीरधर (40) को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उसे सोमवार को मकोका कोर्ट के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने 24 जनवरी तक आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया। एक वरिष्ठ एटीएस अधिकारी ने बताया कि पुणे ब्लास्ट की साजिश में जहांगीरधर भी शामिल रहा है। इस मामले की जांच चल रही है। इसके पहले महाराष्ट्र एटीएस इस मामले में इंडियन मुजाहिद्दीन के सात आतंकियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पिछले साल एक अगस्त को शहर के मध्य में स्थित व्यस्ततम मुख्य सड़क पर कम क्षमता वाले चार बम धमाके हुए थे।