फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी की उम्मीदवारीः कौन है साथ, कौन खिलाफ

Wed, 30 Jan 2013 01:14 PM IST
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी का नाम उछाले जाने के बाद एनडीए में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में एक के बाद एक कई आवाजें उभर कर सामने आ रही हैं। वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा के बाद अब सीपी ठाकुर, राम जेठमलानी ने भी मोदी को प्रधानमंत्री पद का सबसे बेहतर उम्मीदवार बताया है। साथ ही इन नेताओं ने पार्टी से मोदी के नाम का ऐलान करने की मांग की है।
विज्ञापन


माना जा रहा है कि भाजपा में मोदी के समर्थन की यह मुहिम और तेज होगी। खासतौर पर शत्रुघ्न सिन्हा, बलबीर पुंज व महेश जेठमलानी समेत कई नेता जल्द ही मोदी के समर्थन में मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि पार्टी के भीतर एक धड़ा ऐसा भी है जो इस मुद्दे पर सतर्क होकर प्रतिक्रिया दे रहा है।

लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा है कि भाजपा प्रधानमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार उचित समय पर तय करेगी। सुषमा ने कहा है कि हम पहले ही कह चुके हैं कि जब सही वक्त आएगा पार्टी इस मुद्दे पर फैसला करेगी।
विज्ञापन


भाजपा की वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मोदी की उम्मीदवारी का फैसला पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की पार्टी में भूमिका का फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह लेंगे। उमा भारती ने कहा है कि प्रधानमंत्री पद को लेकर भाजपा में कोई विवाद नहीं लेकिन कांग्रेस अपने राजनीतिक हित साधने के लिए ऐसा दुष्प्रचार कर रही है।

वहीं, एनडीए के सहयोगी दल शिवसेना और जद (यू) मोदी के नाम पर सहमत नहीं दिख रहे हैं। शिवसेना ने मोदी की बजाए लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज को पीएम पद का सबसे बेहतर उम्मीदवार बताया है। पार्टी नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि दिवंगत बाला साहब ठाकरे ने भी सुषमा के नाम का समर्थन किया था। जद (यू) भी नरेंद्र मोदी के नाम पर सहमत नहीं है।   

जद (यू) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार स्वीकार नहीं करेगा। खास बात यह है कि मोदी के समर्थन में यशवंत सिन्हा के बयान के बाद जद-यू के तेवर तल्ख हो गए हैं। जद (यू) के प्रवक्ता नीरज कुमार का कहना है कि पार्टी अपने निर्णय पर कायम है। उन्होंने कहा कि एनडीए के संयोजक शरद यादव हैं। फैसला एनडीए को करना है कि इस गठबंधन की ओर से पीएम पद का प्रत्याशी कौन होगा।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें