उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी को कॉरपोरेट कल्चर में ढालने की तैयारी है। अधिकारियों के लिए एक निर्धारित ड्रेस कोड है, लेकिन आए दिन अधिकारी जींस और टीशर्ट में दिखते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए बहराइच के जिलाधिकारी ने कहा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर कोई भी अधिकारी इस अंदाज में पहुंचा तो उस पर गाज गिरनी तय है।
सीएम सोमवार को जिले में कन्या विद्याधन व बेरोजगार भत्ते के चेक बाटेंगे। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने तहसीलवार दिशा-निर्देशों की प्रतियां भेजी हैं और सख्त हिदायत दी गई है कि ड्रेस कोड का पालन करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों का व्यवहार भी जन सामान्य के साथ विनम्र होना चाहिए।
जिले के कई विभागों के अधिकारी आए दिन ड्रेस कोड को नजरंदाज कर जींस और टी शर्ट में नजर आते हैं, लेकिन अधिकारियों की यह मनमानी मुख्यमंत्री के आगमन पर नहीं चलने वाली। इस पर जिलाधिकारी किंजल सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।
मुख्यमंत्री के समारोह में वे जरा भी ढिलाई नहीं बरतना चाहतीं। उनके अनुसार, तड़क-भड़क वाले कपड़े भी अधिकारियों को नजरंदाज करने होंगे। पहनावे के साथ ही यह भी हिदायत दी गई है कि कार्यक्रम स्थल पर जो भी अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे, उनका व्यवहार लाभार्थी या आम जनमानस के प्रति सरल व सम्मानजनक होना चाहिए। साफ कहा गया है कि दिशा-निर्देशों की हीलाहवाली बरतने पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।