उड़ीसा के बालासोर जिले में उस वक्त एक अजीबो गरीब वाकया देखने को मिला जब एक प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को मृत घोषित कर विद्यालय में शोक जताया। इतना ही नहीं हेडमास्टर कमलकांत दास ने दो मिनट का मौन धारण करने के बाद एक दिन के अवकाश की भी घोषणा कर दी।
गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी पिछले कुछ सालों से बीमार हैं लेकिन वह अभी भी जीवित हैं। शुक्रवार को हुई यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है वहीं लोग हेडमास्टर के इस हरकत की जमकर आलोचना भी कर रहे हैं। बताया जाता है कि टीचर्स ट्रेनिंग कार्यक्रम में शामिल होने आए दास ने अपने ही एक साथी से वाजपेयी के मौत की खबर सुनी जिसके बाद उन्होंने अपने विद्यालय में बकायदा शोक का एलान कर दिया।
बात यहीं नहीं खत्म हुई विद्यालय के अध्यापकों और छात्रों ने वाजपेयी के मौत पर अपना शोक व्यक्त किया जिसके बाद हेडमास्टर ने एक दिन के अवकाश की भी घोषणा कर दी। हेडमास्टर की इस अज्ञानता की वजह से स्थानीय लोगों में रोष है।