फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन का कहना है कि अब दिल्ली जाने से पहले तारीख देखनी पड़ेगी। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 1 जनवरी 2016 से सम-विषम नियम लागू किए हैं। अमिताभ ने इसी नियम पर अपनी राय दी है।
अपनी आने वाली फिल्म 'वजीर' के प्रचार के दौरान बीबीसी से खास बातचीत में अमिताभ ने दिल्ली में चल रहे 'ऑड-ईवन' फॉर्मूले पर हैरानी जताई। वे कहते हैं, "अब तो दिल्ली जाने से पहले यह देखना होगा कि दिन कौन सा है, उसके बाद ही आगे की योजना बनानी होगी।"
अमिताभ कहते हैं कि कई बार फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में उन्हें दिल्ली जाना पड़ता है, लेकिन अब इस नियम के तहत उन्हें यह भी सोचना होगा कि वे किस गाड़ी में सफर करेंगे। वो बताते हैं, "मैं रोज इस खबर के बारे में पढ़ रहा हूं, लेकिन मुझे अभी तक
यह समझ नहीं आया है कि यह कैसे लागू होगा और इस पर अमल करने के लिए हमें क्या करना होगा।"
युवा कलाकार कर रहे बेहतरीन काम
उन्होंने अपनी दुविधा साझा करते हुए कहा, "अब तो दिल्ली जाने से पहले यह सोचना होगा कि कौन सी गाड़ी का इस्तेमाल किया जाए।" लेकिन इसके बावजूद अमिताभ इस नियम को समस्या नहीं मानते।
वे कहते हैं, "यह देखना बहुत जरूरी होगा कि प्रदूषण में कोई फर्क पड़ता है या नहीं।" 73 वर्षीय अमिताभ आज भी उसी जोश और जुनून के साथ फिल्मों में दिखते हैं जिस तरह वे कई दशक पहले देखा करते थे। अमिताभ अपने आप को भाग्यशाली मानते हुए कहते हैं, "ये मेरा भाग्य है कि समय अभी तक मेरा साथ दे रहा है नहीं तो मैं इतना सारा काम कभी नहीं कर पाता।"
वे युवा कलाकारों की तारीफ करते हुए कहते हैं, "आज के युवा कलाकार बेहतरीन काम कर रहे हैं और उन्हीं की ऊर्जा को देख मैं भी अपने काम में ऊर्जा ले आता हूं।"
वजीर में अमिताभ का दमदार किरदार
हाल ही में फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के अभिनय की तारीफ करते हुए अमिताभ ने उन्हें एक खत लिखा था। वे अक्सर कलाकारों की तारीफ खत लिखकर करते हैं।
अपनी इस आदत पर अमिताभ कहते हैं, "ये अंदाज मैंने दिलीप कुमार से अपनाया है। उन्होंने वर्ष 2005 में फिल्म 'ब्लैक' में मेरे अभिनय के लिए अपने हाथ से चिठ्ठी लिख कर भेजी थी, जिसे मैंने फ्रेम कर घर में लगा लिया है।"
वे आगे कहते हैं, "कलाकारों का हौसला बढ़ाने का ये अंदाज मुझे बेहद पसंद आया और मैं भी समय-समय पर इसे अपना लेता हूं।" अमिताभ की आगामी फिल्म बिजॉय नांबियार निर्देशित 'वजीर' है। यह फिल्म 8 जनवरी को रिलीज होगी।