अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान आतंकी हमले की साजिश की खुफिया रिपोर्टों के बीच अमेरिका ने इसे लेकर पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। अमेरिका ने पाकिस्तान से साफ कहा है कि यदि ओबामा की भारत यात्रा के दौरान सीमा पार से कोई आतंकवादी हमला हुआ तो उसे इसका गंभीर खामियाजा भुगतना होगा।
ओबामा गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत आ रहे हैं। इस दौरान भारतीय और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं, क्योंकि वह राजपथ पर परेड के दौरान दो घंटे तक खुले में रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक अमेरिका ने पाक को चेतावनी दी है कि यदि ओबामा के दौरे के समय भारत में कोई आतंकी हमला होता है और उसके तार यदि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से जुड़ते हैं तो इसका गंभीर खामियाजा भुगतने के लिए पाकिस्तान को तैयार रहना होगा।
पूर्व में राष्ट्रपति के दौरों पर होते रहे हैं सीमा पर हमले
माना जा रहा है कि अमेरिका की ओर से पाकिस्तान को यह चेतावनी उसके पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए दी गई है, क्योंकि देखा गया है कि जब भी अमेरिका से कोई हाई प्रोफाइल यात्रा होती है तो पाकिस्तान के आतंकी भारत में हमले बढ़ा देते हैं।
आतंकियों ने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के दौरे के समय 20 मार्च, 2000 को भी जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में 20 सिखों को मौत के घाट उतार दिया था। मालूम हो कि ताजा खुफिया रिपोर्टों में भी दावा किया गया है कि ओबामा के दौरे के दौरान आतंकी किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
ओबामा के दौरे के मद्देनजर अमेरिकी खुफिया एजेंसियां भारत में तो सतर्क हैं ही, साथ ही अफगानिस्तान में तैनात अमेरिकी सेना भी क्षेत्र में आतंकी संगठनों की गतिविधियों पर नजदीकी नजर रखे हुए हैं। इस संबंध में पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास को भी अलर्ट कर दिया गया है।
आतंकवाद पर मोदी से किए वादे पूरे करने में जुटा अमेरिका
ओबामा की यात्रा से पहले अमेरिका आतंकवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किए गए अपने वादों को पूरा करने की जीतोड़ कोशिश में जुटा है। लश्कर-ए-ताइबा और हक्कानी गुट जैसे आतंकी संगठनों पर कार्रवाई के लिए पाकिस्तान को दी गई हिदायत और भारत के मोस्टवांटेड दाऊद इब्राहिम के दो करीबियों के पर हाल में लगाए गए प्रतिबंध उसकी इसी कवायद का नतीजा हैं।
अमेरिका ने इसी हफ्ते कराची से नेटवर्क चला रहे दाऊद के भाई अनीस इब्राहिम और सहयोगी अजीज मूसा बिलाखिया पर प्रतिबंध लगा दिया था। अनीस पाकिस्तान में मेहरान पेपर मिल का संचालक है।
मालूम हो कि व्हाइट हाउस में 30 सितंबर को मुलाकात के दौरान मोदी और ओबामा ने आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त और ठोस प्रयास पर करने पर सहमति जताई थी।