इस खबर को पढ़कर देश के बांके नौजवानों के दिलों पर छुरियां चलने लगेंगी। 68 साल के एक 'नौजवान' ने उन्हें जमीनी हकीकत दिखा दी है। और यह सारा जलवा डॉलर की दबंगई का है।
अमेरिका में बसे और 60 साल का आंकड़ा काफी पहले पार कर चुके गुजराती मूल के डॉक्टर के पास शादी के लिए कुल 152 ऑफर आए हैं और इनमें से कुछ लड़कियों की उम्र 21 साल है।
डॉ. रमन शाह (परिवर्तित नाम) ने मैट्रिमोनियल विज्ञापन दिया था, जिसके बाद उनके पास प्रपोजल की बाढ़ आ गई है।
अहमदाबाद में रहने वाली उनकी प्रेमिका ने कई साल पहले उनके साथ अमेरिका जा बसने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने अकेला रहने का फैसला किया। लेकिन अब उन्हें तन्हाई सता रही है।
महीने भर पहले डॉ. शाह ने अहमदाबाद के एक एनजीओ से संपर्क किया था, जो बुजुर्गों की शादियां कराता है।
एनजीओ के कोर्डिनेटर ने कहा, 'डॉ. शाह को जीवनसाथी की जरूरत है क्योंकि वह अब और अकेलापन नहीं सह सकते। हमने विज्ञापन दिया था कि न्यूयॉर्क में रहने वाले 68 वर्षीय डॉक्टर को ऐसी दुल्हन की जरूरत है, जो अमेरिका जाने के लिए तैयार हो। उम्र, जाति या धर्म को लेकर कोई शर्त नहीं है।'
लेकिन इस विज्ञापन पर जो प्रतिक्रिया मिली, उसने न सिर्फ एनजीओ, बल्कि डॉ. शाह को भी हैरानी में डाल दिया।
कोर्डिनेटर ने कहा, 'हमें उम्मीद थी कि 45 या 50 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के 25-30 ऑफर मिलेंगे। लेकिन उनसे शादी करने को लेकर तो मारामारी बच गई। 152 ऐसी युवतियां और महिलाएं हैं, जो उनसे शादी कर अमेरिका जाने के लिए तैयार हैं।'
अहमदाबाद की एक महिला ऐसी है, जो अपनी मौजूदा पति को छोड़कर डॉ. शाह की संगिनी बनने को तैयार है।