तमिलनाडु में फिल्म ‘विश्वरूपम’ की रिलीज को लेकर पिछले एक हफ्ते से जारी गतिरोध शनिवार को खत्म हो गया। सात दृश्यों को काटकर फिल्म जल्द ही राज्य भर में प्रदर्शित की जाएगी। इस संबंध में फिल्म अभिनेता और निर्देशक कमल हासन और मुस्लिम संगठनों के बीच सहमति बनी। हालांकि फिल्म की रिलीज तिथि के बारे में अभी कोई घोषणा नहीं की गई है।
प्रदेश सचिवालय में शनिवार को राज्य के गृह सचिव आर राजागोपाल की मौजूदगी में मुस्लिम संगठनों के साथ छह घंटे तक चली बातचीत में हासन फिल्म से कुछ ऑडियो, वीडियो हिस्से को हटाने पर राजी हो गए हैं। बैठक के बाद हासन ने उम्मीद जताई कि अब राज्य सरकार फिल्म के प्रदर्शन पर लगी रोक को हटा लेगी।
हालांकि इस फैसले से नाखुश नजर आ रहे हासन ने कहा कि अपनी तकनीकी टीम समेत अन्य के साथ चर्चा के बाद जल्द ही फिल्म के रिलीज की घोषणा करेंगे। हासन ने कहा कि वह मद्रास हाईकोर्ट में दायर याचिका को भी वापस ले लेंगे।
तमिलनाडु मुस्लिम मुनेत्र कड्गम के प्रतिनिधि और विधायक एमएच जवाहिरुल्लाह ने कहा कि मुस्लिमों की आपत्ति को मानते हुए हासन फिल्म से कुछ दृश्यों को हटाने पर सहमत हो गए हैं। पहले यह मुलाकात शुक्रवार को होनी थी लेकिन मुस्लिम संगठनों द्वारा अभिनेता हासन की मौजूदगी पर जोर दिए जाने के चलते टालनी पड़ी थी। हासन शुक्रवार को हिंदी में रिलीज हुई अपनी फिल्म के प्रीमियर के लिए मुंबई में थे।
उन्होंने कहा कि उत्तर भारत से फिल्म को काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। 100 करोड़ रुपये की लागत से तमिल, तेलुगू और हिंदी में फिल्म को 25 जनवरी को तमिलनाडु में रिलीज किया जाना था। पिछले बृहस्पतिवार को मद्रास हाईकोर्ट की सिंगल पीठ ने फिल्म के रिलीज की अनुमति दे दी थी लेकिन अगले दिन डिवीजनल बेंच ने फिर से रोक लगा दी।