हार के बाद कांग्रेस और केंद्र सरकार छवि सुधारने की कोशिश में जुट गई है।
कांग्रेस ने शुक्रवार को लोकपाल, महिला आरक्षण, प्रमोशन में आरक्षण, बीमा और पेंशन समेत तमाम विधेयकों को संसद के मौजूदा सत्र में लाने का दावा किया।
केंद्रीय मंत्री हरीश रावत ने कहा कि अफवाह फैलाई जा रही है कि सरकार विधायी कामकाज आगे बढ़ाना नहीं चाहती। यह गलत है। सरकार इसी सत्र में सारा कामकाज निपटाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सोनिया गांधी ने खुद वायदा किया है। लेकिन राजनीतिक दल संसद में हंगामा कर कामकाज को आगे बढ़ने नहीं दे रहे है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को आगे आकर सरकार का सहयोग करना चाहिए।
रावत ने लोकपाल विधेयक को लेकर कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने राज्यसभा में इसे सूचीबद्ध करा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर लोकपाल को लेकर गंभीर है तो उसे इसे पारित कराने के लिए सरकार का सहयोग करना चाहिए।