अमेरिका में सैंडी तूफान के कहर के बाद अब भारत पर भी तूफान का खतरा मंडरा रहा है। भारत की ओर तेजी से बढ़ रहे चक्रवाती तूफान 'नीलम' की आशंका के चलते तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक चेन्नई से 500 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में दबाव का केंद्र बन रहा है और बुधवार को यह एक जबरदस्त तूफान में बदल सकता है। बुधवार को इसके तमिलनाडु के नागापट्टनम और आंध्र प्रदेश के नेल्लौर में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने बताया है कि भारत के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहे इस तूफान की हवाएं 45 से 55 किमी प्रतिघंटे की हो सकती हैं, साथ की भारी बारिश से जानमाल का खतरा भी होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन ने भारी तूफान की आशंका के चलते हाई अलर्ट जारी किया है।
वहीं, चेन्नई में स्कूल और कॉलेज बंद करा दिए गए हैं। इस बीच तेलंगाना क्षेत्र के मेडक जिले के दौरे पर गए आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री ने टेलीफोन पर राजस्व मंत्री और मुख्य सचिव एम. मैथ्यू को तटीय क्षेत्रों में नजर रखने और ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सेंट्रल कंट्रोल रुम बनाया
तूफान का सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु और पुड्डुचेरी पर पड़ने की आशंका बताई जा रही है। सरकार ने प्रशासन को इन स्थानों के अलावा नेल्लोर, प्रकाशम, चित्तूर, गुंटूर और कृष्णा में भी अधिक सर्तकता बरतने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य सचिवालय में स्थिति पर नजर रखने के लिए सेंट्रल कंट्रोल रूम भी बनाया है। कंट्रोल रूम पर 040-23456005 और 23451043 नंबरों के जरिए संपर्क किया जा सकता है।