अब छात्रों को पढ़ाई के लिए न तो कॉलेज जाना होगा और न ही क्लास में खड़े होकर गुरुजी से सवाल पूछने का झंझट। आपके ड्राइंगरूम में ही टीवी पर गुरुजी की लाइव क्लास चलेगी।
किसी विषय पर शंका समाधान के लिए छात्र फोन या एसएमएस से सवाल भी पूछ सकेंगे। मई 2014 से यह सुविधा देश के उन तीस लाख छात्रों को मुहैया होगी, जो दूरस्थ शिक्षा के तहत विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिला ले चुके हैं।
मानव संसाधन मंत्रालय नेशनल मिशन ऑन एजुकेशन थ्रू आईसीटी योजना के तहत शिक्षा के पचास नए चैनल शुरू करने के लिए प्रसार भारती के लाइसेंस का इस्तेमाल करेगा। इसके लिए समझौता हो चुका है।
पढ़ें:- IIT कानपुर के दो छात्रों को 1.20 करोड़ का पैकेज
उच्च शिक्षा में विभिन्न विषयों पर शिक्षकों की क्लास का सीधा प्रसारण करने के लिए 250 स्टूडियो बनाने का फैसला लिया जा चुका है।
इस मिशन में आईआईटी, एनआईटी, कुछ विश्वविद्यालय और निजी विश्वविद्यालयों ने सीधे भागीदारी करने का फैसला लिया है। सभी स्टूडियो को आपस में लिंक करने के लिए दिल्ली में एक मुख्य सेंटर होगा।
देश में इस समय केंद्रीय विश्वविद्यालय इग्नू के अलावा, 13 राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में मुक्त शिक्षा दी जा रही है। इसके अलावा 95 विश्वविद्यालय ऐसे हैं जो कैंपस शिक्षा के साथ-साथ दूरस्थ शिक्षा के तहत भी छात्रों को प्रवेश दे रहे हैं।
दूरस्थ शिक्षा के छात्रों को अभी पाठ्यक्रम से जुड़ी लिखित सामग्री उपलब्ध करा दी जाती है। लेकिन मई से अब ऐसे छात्रों के लिए विभिन्न विषयों में निर्धारित पाठ्यक्रम पर देश के चुनिंदा शिक्षकों के जरिये लाइव क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध होगी।
कोई मासिक शुल्क नहीं
शिक्षा के इन चैनलों का केबल पर फ्री प्रसारण होगा जबकि डीटीएच के लिए मंत्रालय मात्र 1500 रुपये में छात्रों को एंटीना उपलब्ध कराएगा। इस एंटीना के माध्यम से सभी पचास चैनलों का प्रसारण छात्र घर बैठे देख सकेंगे। इसके लिए छात्रों से कोई मासिक शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
वीडियो लाइब्रेरी ‘साक्षात’ पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध
यह एंटीना दूरदर्शन के वेंडर के माध्यम से उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। लाइव दिखाए जाने वाले क्लास का दो बार फिर प्रसारण होगा। यही नहीं इन सभी क्लास की वीडियो लाइब्रेरी भी ‘साक्षात’ पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी जहां पर छात्र बाद में कभी भी देख सकते हैं।