फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब एपीएल को भी मिलेगा शौचालय बनवाने को पैसा

Sat, 22 Sep 2012 10:41 AM IST
लखनऊ/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अब गांवों में गरीबी रेखा से ऊपर वाले (एपीएल) परिवार भी शौचालय बनवाने के लिए 10 हजार रुपये बतौर अनुदान ले सकेंगे। इसके लिए निर्मल भारत अभियान में प्रावधान कर दिया गया है। साथ ही जिन लोगों ने बहुत पहले 625 रुपये में शौचालय अभियान के तहत अनुदान लेकर शौचालय बनवाया है वे इस योजना में भी अनुदान प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन


निर्मल भारत अभियान के संबंध में पंचायती राज निदेशक वी.पी. सिंह ने बताया कि इसके तहत शौचालय बनवाने वालों को सिर्फ 900 रुपये का अंशदान करना होगा। सरकार से प्रति शौचालय 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। उधर, इस सिलसिले में यहां आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला में खुले में शौच को लेकर उत्तर प्रदेश की स्थिति पर चिंता जताई गई।

प्रदेश के आंकड़े चिंतनीय
कार्यशाला में उत्तर प्रदेश की काफी चिंतनीय तस्वीर रखी गई। बताया गया कि प्रदेश में खुले में शौच के जो आंकड़े हैं, उनको देखकर लगता है कि इस राज्य से खुले में शौच की पंरपरा को समाप्त करने में कम से कम 77 वर्ष लग जाएंगे। आंकड़ों से पता चलता है कि संसार में खुले में शौच जाने वाले लोगों में हर सातवां व्यक्ति उत्तर प्रदेश का है। उत्तर प्रदेश में स्वच्छता कार्यक्रम की रफ्तार इसी तरह रही तो गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से निपटने में ही सालाना 10,400 करोड़ रुपये खर्च हो जाएंगे।
विज्ञापन


10 साल में खुले में शौच समाप्त करने का संकल्प
पंचायती राज निदेशक के अनुसार प्रदेश को अगले 10 वर्षों में पूरी तरह खुले में शौच से मुक्ति दिलाने की योजना तैयार की गई है। चालू वित्त वर्ष में प्रदेश के 4663 ग्राम पंचायतों में 9 लाख 84 हजार 428 शौचालय बनवाए जा रहे हैं। प्रदेश में लगभग 30 हजार स्कूलों में अभी शौचालय बनना बाकी है।

बन रही है फिल्म
कभी-कभी एक छोटी घटना बड़े काम की पृष्ठभूमि तैयार कर देती है। यही कुछ हुआ है महराजगंज की रहने वाली प्रियंका के साथ। ससुराल में शौचालय न होने के कारण मायके लौट आई प्रियंका ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उसका कदम लोगों को शौचालय बनवाने की प्रेरणा देने का माध्यम बनेगा। पर, अब वही होने जा रहा है।

प्रियंका की कहानी पर बनी फिल्म गांव-गांव दिखाकर लोगों को शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पंचायती राज निदेशक के अनुसार, खुले में शौच पर रोक और शौचालय बनवाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए एक फिल्म भी बनवाई जा रही है। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रियंका की मुख्य भूमिका विद्या बालन ने निभाया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें