गृह मंत्रालय ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अहमदाबाद यात्रा के दौरान उनके होटल में काम करने वाले पूर्वोत्तर के लोगों को दूर रखने के कथित मामले की जांच का आदेश दिया है।
गुजरात के एक अखबार में छपी खबर के मुताबिक अहमदाबाद पुलिस ने तिब्बत के आंदोलनकारियों को जिनपिंग के होटल के बाहर प्रदर्शन से रोकने के मकसद से होटल के भीतर और बाहर पूरे पूर्वोत्तर के लोगों के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी थी। मंत्रालय ने खुफिया एजेंसी आईबी से बृहस्पतिवार तक इस मामले की पूरी जानकारी मांगी है।
मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक गुजरात पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक राज्य पुलिस ने तिब्बतियों और पूर्वोत्तर के लोगों की शक्ल-सूरत एक जैसी (मंगोलियन रेस) दिखने की वजह से यह आदेश दिया था।
लेकिन सरकार का मानना है कि पुलिस का इस तरह का आदेश असंवैधानिक है। उन्हें तिब्बती आंदोलनकारी को रोकने के लिए कोई दूसरा उपाय करना चाहिए था।