फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाक से आ रही गर्म हवाओं से उबला उत्तर भारत

Thu, 23 May 2013 12:32 AM IST
नई दिल्ली/चंडीगढ़/ब्यूरो/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
सूरज से बरसती आग और पाकिस्तान की ओर से आती गर्म हवाओं के चलते बुधवार को राजस्थान से लेकर यूपी, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा तक पूरा उत्तर भारत उबलता रहा। इन झुलसाती हवाओं की मार से लोग बेहाल रहे।
विज्ञापन


राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब के अमृतसर में पारे ने 47 डिग्री के ऊपर जाकर तीन दशकों का रिकॉर्ड तोड़ डाला, जबकि दिल्ली में भी तापमान 44.9 डिग्री दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से आ रही हवाओं से राजस्थान के रेगिस्तान की धूल पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के आसमान पर मंडरा रही है। इसकी तपिश से ही पारा ऊपर चढ़ा है। अगले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट के आसार भी नहीं हैं।
विज्ञापन


बुधवार को उत्तर प्रदेश भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा। यहां 47.6 डिग्री तापमान के साथ बांदा सबसे गर्म रहा। अन्य स्थानों पर भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। पंजाब में भी लोग लू के थपेड़े झेलते रहे।

अमृतसर में बुधवार तीन दशक का सबसे गर्म दिन रहा, यहां पारा 47.2 डिग्री तक चढ़ गया। चंडीगढ़ में भी तापमान 44 डिग्री रहा। राजस्थान में चुरू, कोटा, बीकानेर में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।

पश्चिम से पूर्व तक झेल रहा मार
तपती गर्मी का कहर सिर्फ उत्तर भारत को ही नहीं झेलना पड़ रहा है, बल्कि मध्य प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र और ओडिशा तक इसकी चपेट में हैं।

महाराष्ट्र के नागपुर में गर्मी ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और इतिहास में पहली बार बुधवार को यहां पारा 47.9 डिग्री तक पहुंच गया। मध्य प्रदेश में खजुराहो और छतरपुर 47.1 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहे।

गुजरात के अहमदाबाद और अमरेली भी तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है। जबकि ओडिशा में तालचर, संभलपुर, बोलनगीर समेत कई जिलों में तापमान 46 डिग्री से ऊपर रहा।

टूट सकता है दशकों का रिकार्ड
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार गर्मी पुराने कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है। चंडीगढ़ में मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पॉल ने बताया कि जिस तरह मई में पारा इस स्तर तक पहुंच गया है, इससे अनुमान लगाया जा सकता है जून में तापमान और ज्यादा होगा।

यह पूरा दशक ही पिछले दशक की तुलना में ज्यादा गर्म रहने वाला है। फिलहाल 25 मई तक तापमान बढ़ने का अनुमान है। यह मई महीना इस पूरे दशक में सबसे गर्म होने जा रहा है।

ऐसी गर्मी सिर्फ चंडीगढ़ में ही नहीं बल्कि समूचे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और निकटवर्ती इलाकों में धूल के गुबार की वजह से पड़ रही है। इस गुबार के दो दिनों में निकल जाने की उम्मीद है।- सुरिन्दर पॉल, निदेशक, मौसम विभाग, चंडीगढ़
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें