फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अविश्वास प्रस्ताव के लिए ममता ने मांगा भाजपा से समर्थन

Sun, 18 Nov 2012 10:51 PM IST
कोलकाता/रांची/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज को फोन कर यूपीए सरकार के खिलाफ लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव के लिए समर्थन मांगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कोलकाता प्रेस क्लब में कहा कि बनर्जी ने स्वराज से संपर्क किया है।
विज्ञापन

 
जोशी ने कहा कि सुषमा बाल ठाकरे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई गई हुई हैं और उनके दिल्ली लौटने पर हम बैठेंगे और चर्चा करेंगे। एनडीए नेताओं की बैठक सोमवार या फिर अगले दिन होगी, जिसमें इस बारे में निर्णय लिया जाएगा।

अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने के लिए पर्याप्त आंकड़ा होने के सवाल पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस पर विचार के लिए हम एक साथ बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्ताव गिर जाता है तो अगले छह महीने के लिए सरकार सुरक्षित हो जाएगी और यदि यह पारित हो गया तो आप अगले कदम के बारे में सोच सकते हैं।
विज्ञापन


दूसरी ओर कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा है कि संसद में तृणमूल कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव गिर जाएगा। 19 सांसदों वाली तृणमूल का अविश्वास प्रस्ताव लाना उसका न केवल भाजपा बल्कि माकपा के साथ भी घनिष्ठता को दिखाता है।

सरकार के पास 305 सांसदों का समर्थन हासिल है। अहमद ने कहा कि सरकार को राजद, सपा, बसपा और जनता दल (एस) का समर्थन हासिल है। सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ने शनिवार को रिटेल में एफडीआई और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर यूपीए सरकार पर हमला बोला था।

बनर्जी ने कहा था कि उनकी पार्टी संसद के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। इसके लिए उन्होंने यूपीए के सहयोगी दलों और वामदलों से समर्थन की अपील की थी। साथ ही भाजपा के समर्थन के लिए वार्ता करने की बात कही थी।

भाकपा करेगी अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन
भाकपा के वरिष्ठ नेता गुरुदास दासगुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी यूपीए सरकार के खिलाफ लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगी, चाहे यह प्रस्ताव कोई भी राजनीतिक दल लेकर आए।

दासगुप्ता ने कहा कि यदि संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है तो हम सरकार को बचाने की जिम्मेदारी नहीं लेंगे। हम सदन से वॉक आउट नहीं करेंगे, बल्कि सरकार के खिलाफ वोट करेंगे।

तृणमूल कांग्रेस के प्रस्ताव लाए जाने की स्थिति पर पार्टी के रुख के बारे में उन्होंने कहा कि हम समर्थन करेंगे लेकिन यह हमारा रुख है संपूर्ण वामदल का नहीं।

दासगुप्ता ने कहा कि प्रस्तावित अविश्वास प्रस्ताव पर अभी तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया है। भाजपा द्वारा प्रस्ताव लाए जाने की स्थिति पर वाम नेता ने कहा कि कोई भी प्रस्ताव लाए पार्टी उसका समर्थन करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें