फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यटन स्थल गुलमर्ग ने ओढ़ी सफेद चादर

Sun, 18 Nov 2012 10:41 PM IST
श्रीनगर/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
घाटी के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। सोनामर्ग और पहलगाम सहित आसपास के कुछ ऊंचाई पर स्थित पहाड़ियों पर भी बर्फबारी भी दर्ज की गई।
विज्ञापन


बारिश के साथ पहली बर्फबारी के कारण समूची कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला। दिन भर श्रीनगर शहर तथा घाटी के अन्य जिलों में आकाश पर बादल छाए रहने से सूर्य देवता नजर नहीं आए, जिसके चलते गत कई दिनों से सामान्य चल रहे दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
 
सूचनाओं में बताया गया है कि घाटी के लगभग सभी ऊंचाई वाले स्थानों पर मौसम की पहली बर्फबारी का नजारा देखने को मिला। सभी पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी होने की जानकारी दी गई है, जिसका लुत्फ वहां पहुंचे सैलानियों ने भी खूब उठाया।
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार पहलगाम, गुलमर्ग तथा सोनामर्ग में एक से लेकर दो फुट के करीब हिमपात हुआ, जबकि जोजिला तथा द्रास इलाके में दो से तीन फुट के बीच बर्फबारी होने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक हिमपात जारी था।

मौसम विभाग ने बताया कि ऊपरी इलाकों में रविवार सुबह बर्फबारी आरंभ हुई, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। घाटी के अधिकतर मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली, जिसके कारण लोगों को कड़ाके की ठंड सहनी पड़ी।

गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में हल्की बारिश हुई और शाम तक आकाश बादलों से घिरा रहा। ठिठुरन भरी ठंड के चलते शहर में वाहन भी कम चले और बाजारों विशेषकर संडे मार्केट में रौनक भी कम दिखी।

मौसम विभाग ने दिन की ठंड का कारण अधिकतम तापमान में गिरावट होना बताया है। रविवार को श्रीनगर शहर का तापमान अधिकतम 14.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच सोनामर्ग-लद्दाख मार्ग के जोजिला के पास पर हुई तीन फुट बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया, जबकि श्रीनगर-जम्मू मुगलरोड भी पीर की गली इलाके में हुए ताजा हिमपात के चलते वाहनों के लिए बंद कर देना पड़ा।

आधिकारिक सूचनाओं में बताया गया है कि कुछ वाहनों को इस रास्ते पुंछ तथा राजोरी के लिए रवाना किया गया था, लेकिन पीर की गली इलाके में हिमपात शुरू हो जाने से मार्ग बंद कर देना पड़ा और सभी वाहनों को जम्मू-श्रीनगर मुख्य मार्ग से जम्मू की ओर रवाना किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें