राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के साले साधु यादव की गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर चल रही अटकलों को आज बिहार भाजपा ने खारिज कर दिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने साधु यादव के पार्टी के शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि साधु यादव को भाजपा में शामिल करने का सवाल ही नहीं उठता।
मोदी ने कहा कि कोई भी किसी भी व्यक्ति से मिल सकता है। न ही साधु यादव ने भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई है और न ही हमारी ओर से कोई ऑफर दिया गया है। ऐसे में उनके पार्टी में शामिल होने का सवाल ही नहीं है।
मोदी से मिले साधु, पार्टी से निकालने की तैयारी में कांग्रेस
सुशील मोदी राज्य पार्टी कार्यकारी समिति की बैठक में नरेंद्र मोदी और साधु यादव की मुलाकात के बाद चल रही अटकलों पर जवाब दे रहे थे।
सुशील मोदी के सहयोगी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता नंद किशोर यादव ने भी यही राय व्यक्त की और कहा कि साधु यादव को पार्टी में लेने की कोई संभावना नहीं है।
वहीं, इस मुलाकात पर बिहार में सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने जंगल राज के लिए प्रचलित साधु यादव को नरेंद्र मोदी की पंसद बताया। साथ ही साधु यादव के जरिए 2014 लोकसभा चुनाव से पहले लालू यादव से नजदीकी बढ़ाने की भाजपा की कोशिश भी करार दिया।
मोदी को राहुल से बेहतर कहा
इससे पहले बिहार में कांग्रेस नेता अनिरुद्घ प्रसाद उर्फ साधू यादव ने नरेंद्र मोदी से शुक्रवार को मुलाकात की थी और इसके बाद उन्होंने मोदी की तारीफों के पुल भी बांध दिए थे।
साधु यादव ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई से न डरने की बात कही।
राहुल और मोदी में अंतर को लेकर पूछे एक सवाल में उन्होंने कहा कि अगर आपको बीमारी है। मदद के लिए मिलना है तो राहुल से मिलने का वक्त तीन साल के बाद मिलेगा। मगर मोदी से मिलने का वक्त तुरंत मिल जाएगा।