भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर जदयू के विरोध नहीं किए जाने के संकेतों के बीच कांग्रेस ने कहा है कि आडवाणी और नरेंद्र मोदी के बीच बहुत ज्यादा अंतर नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने शनिवार को कहा कि मुझे नहीं लगता कि लाल कृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी के बीच बहुत ज्यादा अंतर है। उनकी विचारधारा और सोच एक जैसी है।
जनतादल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा था कि जदयू मोदी को पीएम उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध करती है। हालांकि उन्होंने आडवाणी समेत अन्य किसी भाजपा नेता का विरोध नहीं किए जाने का संकेत दिया।
जदयू के संकेतों के बारे में कांग्रेस प्रवक्ता अल्वी ने कहा कि पीएम उम्मीदवार तय करना एनडीए का अंदरूनी मामला है। जदयू भाजपा का सहयोगी दल है और उन्हें अपने मुद्दे खुद सुलझाने चाहिए।
बिहार से कांग्रेस नेता शकील अहमद ने जदयू के सेक्युलर नेता की बात पर निशाना साधते हुए कहा था कि यदि कोई सेक्युलर नेता की खोज कर रहा हो और वह नरेंद्र मोदी को नकार कर लालकृष्ण आडवाणी को हां कहें तो इसका मतलब है कि उसमें समझ बिल्कुल नहीं है। मोदी उस सांप्रदायिकता नामक बीमारी के वाहक हैं जिसे अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने फैलाया है।