लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल में पड़ी फूट से लालू प्रसाद यादव भड़क गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल के 13 विधायकों के पार्टी छोड़ने की खबर पर लालू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
राजनीति की पाठशाला एक साथ पढ़ने वाले लालू प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश को घटिया करार दिया है। लालू ने कहा कि भाजपा से तलाक होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बौखला गए हैं और उनके विधायकों को तोड़ने में जुटे हैं।
घटिया राजनीति करते नीतीश कुमार
लालू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नीतिश कुमार पगला गए हैं। घटिया राजनीति कर रहे हैं। हमारे एमएलए और नेताओं पर डोरे डाल रहे हैं। उन्हें तमाम तरीके के प्रलोभन भी दिए जा रहे हैं।
लोजपा के एक नेता और रामविलास पासवान के लड़के चिराग पासवान के मोदी को क्लीन चिट देने पर लालू ने कहा कि रामविलास पासवान को धर्मनिरपेक्ष ताकतों का मजबूत करने के लिए हमारे साथ आना चाहिए।
लालू ने कहा हमने रघुनाथ झा और प्रेम गुप्ता को रामविलास पासवान से बात करने के लिए भेजा था लेकिन बातचीत नहीं हो सकी।
क्या विधानसभा अध्यक्ष ने खेला खेल?
लालू ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी पर भी पक्षपात के आरोप लगाए हैं। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार का यह बहुत बड़ा षड्यंत्र है। अमेरिका में वाटरगेट हुआ था, उसी तरह का यह कांड भी है। लालू ने आरोप लगया कि ये आदमी जमीन में दब गया है।
लालू की पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी के पटना स्थित आवास पर राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों की बैठक भी हो रही है। इस बैठक में 13 में से 9 विधायक पहुंचे हैं, जिनके टूटने का दावा किया जा रहा है।