जदयू की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक यहां शनिवार को शुरू हुई। बैठक के पहले दिन आयोजन स्थल पर पार्टी की तमिलनाडु इकाई की ओर से लगाए गए पोस्टरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इन पोस्टरों में एक रथ पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अर्जुन और पार्टी प्रमुख शरद यादव को कृष्ण के रूप में दिखाया गया है। इस पोस्टर का शीर्षक ‘2014 में दूसरा महाभारत’ दिया गया है।
इसके अलावा पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के रथ के सारथी के रूप में पेश किया गया है। यूपीए के रथ में 2जी, कॉमनवेल्थ गेम्स, आदर्श, हेलीकॉप्टर घोटाले को भ्रष्टाचार रूपी योद्धा के रूप में दिखाया गया है।
एनडीए के रथ में किसी भाजपा नेता की तस्वीर नहीं है। अपने नेताओं के गलत चित्रण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने पोस्टरों को तत्काल हटाने की मांग की है। अल्वी ने कहा कि हम इस तरह के पोस्टरों की आलोचना करते हैं। जदयू को इन होर्डिंग को तत्काल हटाना चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए।