भाजपा के कद्दावर नेता और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी पूर्ति ग्रुप को लेकर एक बार फिर घिरते नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस ने शुक्रवार को पूर्ति ग्रुप को ब्याज रहित लोन का मामला राज्यसभा में उठाया और गडकरी के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के जोरदार हंगामे के चलते शून्य काल और प्रश्न काल स्थगित करना पड़ा। पार्टी ने संकेत दिया है कि वह इस मामले पर फिलहाल पीछे नहीं हटेगी।
इससे पहले भी पूर्ति ग्रुप की आर्थिक गड़बड़ियों को लेकर गडकरी पर गंभीर आरोप लगे थे। तब वह भाजपा के अध्यक्ष थे। कांग्रेस सांसद शांताराम नायक ने शून्यकाल शुरू होते ही पूर्ति ग्रुप को मुहैया कराए गए लोन की अनियमितताओं को लेकर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की विपरीत टिप्पणी का मुद्दा उठा दिया।