दिन की सबसे बड़ी खबर रही दरभंगा के सांसद कीर्ति आजाद के भाजपा से निलंबन की। आजाद को भारतीय जनता पार्टी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस भी दिया गया है। आजाद को 14 दिनों के भीतर अपना जवाब देना होगा। हालांकि इससे पहले आजाद अपनी सफाई भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को दे चुके थे।
विज्ञापन
आपको बताते चले कि डीडीसीए में हुए घोटाले को लेकर कीर्ति आजाद पिछले कई सालों से मुखर थे। संसद में भी अपनी बात रखते हुए आजाद ने कहा था कि वह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्कि डीडीसीए में हुए भ्रष्टाचार और उसमें शामिल लोगों के खिलाफ थे। वहीं भाजपा की इस कार्रवाई के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या सांसद शत्रुघन सिन्हा के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बताते चले कि जहां एक ओर वित्त मंत्री के खिलाफ मुहिम छेड़ने के लिए बीजेपी के अंदर कीर्ति आजाद की आलोचना हो रही है, वहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने बुधवार को उनकी तारीफ की। शत्रुघ्न सिन्हा ने कीर्ति आजाद को हीरो कहा और साथ ही लोगों से अपील की कि कीर्ति आजाद का विरोध न करें, क्योंकि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने एक अन्य ट्वीट करके कहा कि जहां तक वित्तमंत्री की बात है तो इस मुद्दे को कानूनी नहीं, बल्कि राजनीतिक तौर पर लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री ने कहा है, हमारे वित्त मंत्री आडवाणी जी के नक्शे कदम पर चल सकते हैं।
पक्ष विपक्ष की खींचतान में अटक गया जीएसटी बिल, संसद स्थगित
डीडीसीए मुद्दे पर जेटली के इस्तीफे की मांग पर अड़े विपक्ष के कारण लोकसभा की कार्यवाही लगातार तीसरे दिन भी बाधित रही, जिसमें सुधार होता न देख अध्यक्ष ने अनिश्चितकाल तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी। स्पीकर के इस निर्देश के साथ ही संसद के इस सत्र का भी पटाक्षेप हो गया।
राज्यसभा में भी अयोध्या मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित करनी पड़ी। इसके साथ ही एनडीए सरकार के बहुप्रतिक्षित जीएसटी बिल सहित कई महत्वपूर्ण बिल भी राज्यसभा में अटके रह गए।
वहीं, सत्र खत्म होने के बाद वेंकैया नायडू ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शीत सत्र में जिस तरह से विपक्ष ने संसद में व्यवहार किया उससे देश की भावनाओं को धक्का पहुंचा है। विपक्ष में बैठे हमारे साथी जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान नहीं करना चाहते। वे लगातार हमारे लिए बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। कांग्रेस को इस बात के लिए देश को जवाब देना होगा कि क्यों उसने राज्सभा की कार्यवाही नहीं चलने दी।
वेंकैया ने दावा किया जबसे हमारी सरकार बनी है हमने कोई गलत काम नहीं किया, कोई गलती नहीं की, कोई पाप नहीं किया। कोई उंगली नहीं उठा सकता हमारे ऊपर। डीडीसीए मुद्दे पर जेटली का समर्थन करते हुए कहा कि उन पर आरोप लगाना सूरज पर थूकने जैसा है। उन पर थूका खुद पर ही गिरेगा।
दिल्ली की कोर्ट में फायरिंग, एक कांस्टेबल की मौत
बुधवार दोपहर में दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में फायरिंग की घटना सामने आई। कोर्ट रूम नंबर 73 में फायरिंग हुई। जिसमें तीन लोग गंभीर घायल हुए जबकि 1 कांस्टेबल की मौत हो गई। कांस्टेबल का नाम रामकुमार बताया जा रहा है। रामकुमार को 5 गोली लगी। फायरिंग करने वाले हमलावरों की संख्या चार थी।
पुलिस ने सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। कड़कड़डूमा कोर्ट रूम में घुसकर फायरिंग को अंजाम देने का ये अपने आप में पहला मामला है। दरअसल, एक मामले में पुलिस कैदी को पेशी के लिए कोर्ट ले जा रही थी। तभी अचानक कुछ हमलावर आए और फायरिंग करने लगे।
हमलावरों ने इस दौरान कई राउंड फायरिंग की। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गोलीबारी में कोर्ट के जज भी बमुश्किल बच सके। कोर्ट में सुरक्षा के उचित इंतजाम रहते हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कोर्ट में इस घटना से अफरातफरी का माहौल नजर आया।
राहुल गांधी के कार्यक्रम में खूब चले लात-घूंसे
अमेठी पहुंचे राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब कांग्रेसियों के बीच अचानक मारपीट हो गई। राहुल गांधी दो दिन के अमेठी दौरे पर हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक वह छतोह ब्लॉक-सलोन में नव-निर्वाचित प्रधानों से मिलने पहुंचे।
उनके पीछे राहुल गांधी के जयकारे लगाते हुए कांग्रेसियों का काफिला चल रहा था। राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही बाहर कांग्रेसियों के दो पक्षों में गुत्थमगुत्थी शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक भिड़ने वाले दोनों पक्ष राहुल गांधी के काफिले में आगे रहना चाहते थे। एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में इनकी गाड़ियां भिड़ गईं जिस वजह से विवाद शुरू हो गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते हुए विवाद काफी बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में कई लोग घायल भी हो गए। भीड़ और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।
सलमान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी महाराष्ट्र सरकार
सलमान खान के हिट एंड रन मामले में महाराष्ट्र सरकार बांबे हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने जा रही है। बीते 10 दिसंबर को मामले की सुनवाई करते हुए बांबे हाईकोर्ट ने सलमान खान को बरी कर दिया था। जस्टिस एआर जोशी ने अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में पेश किए गए गवाहों के बयानों में मौजूद त्रुटियों का उल्लेख सलमान खान को निर्दोष करार दिया था।
अब महाराष्ट्र सरकार फिर से मामले को उठाने जा रही है। सरकार सलमान खान के खिलाफ मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाएगी। गौरतलब है कि इसी साल मई महीने में मुंबई की एक निचली अदालत ने 12 साल तक मामले की सुनवाई करने के बाद सलमान को दोषी करार देते हुए पांच साल की कैद की सजा सुनाई थी।
मुंबई के बांद्रा इलाके में साल 2002 की 27-28 सितंबर की रात को मुंबई के बांद्रा इलाके में अमेरिकन लॉन्ड्री के सामने सलमान खान की लैंडक्रूजर गाड़ी फुटपाथ पर चढ़ गई थी। जहां बेकरी में काम करने वाले एक मजूदर की मौत हो गई थी और चार घायल हो गए थे। इसके बाद सलमान पर लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में अगले दिन सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया था। अगली स्लाइड में जानिए, सुप्रीम कोर्ट में कौन-कौन से मुद्दे उठाएगी सरकार।
मोदी बोले- मेरी और पुतिन की राजनीतिक यात्रा एक जैसी
भारत और रूस जमीन जल और आकाश के माध्यम से एकसाथ जुड़े हैं। रूस की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक रशियन एजेंसी से बातचीत के दौरान ये बात कही। मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ अपनी तुलना करते हुए कहा कि मेरी और पुतिन की राजनीतिक यात्रा लगभग एक जैसी है।
गौरतलब है कि रूस की यात्रा पर गए मोदी की रूसी राष्ट्रपति आज रात डिनर पर मेजबानी करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद दूसरी बार रूस की यात्रा पर गए मोदी रक्षा, तकनीक और व्यापार के मुद्दे पर कुछ महत्वपूर्ण समझौते कर सकते हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार रूसी एजेंसी TAAS को दिए इंटरव्यू में रूस को भारत का अटूट मित्र बताते हुए मोदी ने कहा राष्ट्रपति पुतिन और उनकी राजनीतिक यात्रा काफी कुछ एक जैसी है।
रेलवे की तत्काल सेवा पर लगने वाले शुल्क में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। रेलवे की वेबसाइट इंडियनरेल (indianrail.gov.in) के अनुसार 24 दिसंबर 2015 से यह बढ़ोत्तरी लागू होगी। रेलवे ने अलग-अलग क्लास में 10%-30% तक तत्काल शुल्क में बढ़ोत्तरी की है। आइए जानते हैं किस क्लास में लगेगा कितना तत्काल शुल्क।
सेकेंड सिटिंग- सेकेंड सिटिंग के लिए तत्काल शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके लिए न्यूनतम 10 रुपए और अधिकतम 15 रुपए का शुल्क लगता है।
स्लीपर क्लास- स्लीपर क्लास में न्यूनतम 100 रुपए और अधिकतम 200 रुपए का तत्काल शुल्क देना होगा। इससे पहले स्लीपर में न्यूनतम शुल्क 90 रुपए और अधिकतम शुल्क 175 रुपए लगता था।
एसी चेयर कार- जहां पहले एसी चेयर कार के लिए न्यूनमत 100 रुपए और अधिकतम 200 रुपए का तत्काल शुल्क लगता था, अब उसके लिए न्यूनतम 125 रुपए और अधिकतम 225 रुपए का शुल्क अदा करना होगा।
एस थ्री टीयर- थ्री टीयर एसी में न्यूनतम तत्काल शुल्क 300 रुपए लगेगा और अधिकतम तत्काल शुल्क 400 रुपए लगेगा। इस बढ़ोत्तरी से पहले न्यूनतम शुल्क 250 रुपए और अधिकतम शुल्क 350 रुपए था।