जब पूरे देश की भावनाएं निर्भया के हत्यारे नाबालिग की रिहाई के विरोध में उफान मार रही थी तब ऐसे दोषियों के लिए कानून बदलने की मांग पुरजोर तरीके से उठ रही थी। इस मांग को लेकर निर्भया के माता पिता खुद भी सड़क पर उतर आए, तो संसद ने भी जनभावनाओं को महसूस करते हुए राज्यसभा में जुवेनाइल जस्टिस बिल को एक सुर में मंजूरी दे दी।
लोकसभा में पास होने के बाद राज्यसभा में अटका पड़ा यह बिल मंगलवार को राज्यसभा में पास हो गया। इसके साथ ही जघन्य अपराधों में नाबालिग की उम्र भी 18 साल से घटकर 16 वर्ष हो गई।
ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर अधिकतम दस साल की सजा दी जा सकेगी। बलात्कार, हत्या और एसिड अटैक जैसे पांच जघन्य अपराधों को इस श्रेणी में रखा गया है। राज्यसभा में यह बिल बिना किसी संसोधन के पास हुआ। निर्भया कांड की तीसरी बरसी पर राज्यसभा द्वारा पास किया गया यह बिल अब राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए जाएगा। राष्ट्रपति की सहमति के बाद यह बिल कानून की शक्ल ले लेगा।
बीएसएफ का चार्टेड प्लेन क्रैश, 10 लोगों की मौत
दिल्ली के द्वारका में बीएसएफ का प्लेन क्रैश होने से दस अधिकारियों समेत इंजीनियरों की मौत हो गई, महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम की 110 करोड़ की संपति ईडी ने की जब्त।
दिल्ली में बीएसएफ का चार्टेड प्लेन क्रैश होने से बड़ा हादसा सामने आया है। दिल्ली से रांची जा रहे इस एयरक्राफ्ट सुपरकिंग विमान में मौजूद सभी लोगों की मौत हो गई।
हादसा पालम एअरपोर्ट के पास द्वारका में शाहबाद रेलवे ट्रैक के पास बगडोला गांव में विमान के गिरने से हुआ। इसमें बीएसएफ के 10 अधिकारी मौजूद थे। हादसे की वजह विमान में तकनीकी खामी को बताया जा रहा है।
बीएसएफ के डीजी डी के पाठक ने चार्टेड विमान हादसे की पुष्टि की है। विमान को पायलट भगवती प्रसाद और सह पायलट राजेश शिवरेन उड़ा रहे थे। उनके अलावा विमान में डी कुमार, एसआई छोटे लाल, राघवेंद्र कुमार, एसएन शर्मा, रविंद्र कुमार, डीपी चौहान, के रावत भी विमान में मौजूद थे।
छगन भुजबल की 110 करोड़ की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र सदन घोटाले में एनसीपी नेता छगन भुजबल की कई संपत्तियों को जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार जब्त की गयीं संपत्तियों की कीमत 110 करोड़ रुपए है।
ये संपत्तियां मुंबई के बांद्रा और सांताक्रूज में बतायी जा रही हैं। इससे पूर्व सोमवार को ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि भुजबल को इस केस में कोई क्लीनचिट नहीं दी गई है। उनसे एक कार्यक्रम के दौरान ये सवाल पूछा गया था कि क्या सदन घोटाले में भुजबल को क्लीनचिट दे दी गयी है?
उल्लेखनीय है कि सदन घोटाले में भुजबल के कार्यकाल के दौरान दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में एक इमारत निर्माण के लिए नियमों को ताक पर रखकर एक कंपनी को कांट्रेक्ट दिया गया था।
फ्लॉप रेड के लिए इस्तीफा दें प्रधानमंत्री मोदीः केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दफ्तर पर सीबीआई छापे का जिन्न मंगलवार को एक बार फिर बाहर आ गया। दिल्ली विधानसभा में बोलते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला किया। उन्होंने सीबीआई के छापे को फ्लॉप बताते हुए मोदी से प्रधानमंत्री से इस्तीफा देने की मांग कर दी।
प्रधानमंत्री पर जमकर निजी हमले करते हुए केजरीवाल ने कहा कि मोदी ने उन पर दबाव बनाने के उनके दफ्तर में सीबीआई रेड करवाई थी। राजेन्द्र सिंह के यहां छापे का तो नाम था असली निशाना तो मैं था। आरोप लगाया कि राजेन्द्र सिंह से लगातार पूछताछ के बाद कुछ लाख रुपये और शराब की 12 बोतलें बरामद हुई हैं।
सीबीआई की ऐसी फ्लॉप रेड के लिए मोदी को इस्तीफा देना चाहिए। केजरीवाल ने आरोप जड़ा कि राजेन्द्र सिंह से पूछताछ के दौरान सीबीआई ने किसी घोटाले के बारे में नहीं डीडीसीए की फाइलों के बारे में पूछताछ की।
वहीं मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठाया कि वो दुनियाभर में घूमते फिर रहे हैं काम कोई नहीं कर रहे। चुनाव से पहले उनका दावा था कि न खाऊंगा न खाने दूंगा लेकिन अब उनका नया नारा है न करूंगा न करने दूंगा।
मोदी ने कहा आड़वाणी की तरह बेदाग साबित होंगे जेटली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीडीसीए में हुए कथित घोटालों पर पहली बार बोलते हुए वित्तमंत्री अरुण जेटली का बचाव किया है। संसद भवन में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में उन्होंने कहा कि अरुण जेटली भी वैसे ही बेदाग साबित होंगे, जैसे हवाला मामले में लाल कृष्ण आडवाणी हुए थे। संसदीय दल की बैठक में लालकृष्ण आडवाणी समेत भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
संसद परिसर में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी का जिक्र करते हुए कहा कि वे हवाला के आरोपों से बेदाग साबित हुए थे। वित्तमंत्री अरुण जेटली भी उसी प्रकार जल्द ही उन सभी आरोपों से, जो उन पर लगाए जा रहे हैं, बेदाग साबित होंगे। मोदी ने कहा कि जेटली की ईमानदारी और निष्ठा पर किसी को शक नहीं है। उन पर लग रहे सभी आरोप निराधार हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का ये बयान जेटली पर आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों के छह दिन बाद आया है। आप ने पिछले हफ्ते आरोप लगाया था कि जेटली के डीडीसीए का अध्यक्ष रहते हुए स्टेडियम निर्माण में घोटाला हुआ था।
केजरीवाल और आप नेताओं का केस लड़ेंगे जेठमलानी
डीडीसीए में भ्रष्टाचार के आरोप झेल रहे वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को केजरीवाल व छह अन्य आप नेताओं के खिलाफ जो मानहानि का केस दायर किया था, उस पर मंगलवार को हाईकोर्ट ने इन नेताओं के खिलाफ नोटिस जारी किया।
हाईकोर्ट ने अरविंद केजरीवाल समेत पांच आप नेताओं को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं। इन नेताओं को अदालत ने तीन हफ्ते का वक्त दिया है। इस केस की अगली सुनवाई 5 फरवरी को होनी है।
वहीं आप नेता एचएस फुल्का ने कहा कि कीर्ती आजाद और बिशन सिंह बेदी इस मामले को उजागर करने वालों में प्रमुख रहे हैं, इन्हें केस में शामिल किए बिना कोई भी जांच पूरी होने वाली नहीं है। केजरीवाल के अलावा जिन आप नेताओं के खिलाफ कोर्ट ने नोटिस जारी किया है उनमें शामिल हैं- कुमार विश्वास, आशुतोष, दीपक बाजपयी, संजय सिंह और राघव चड्ढा।
ब्रुनेई में क्रिसमस मनाने पर जाना पड़ सकता है जेल
एशियाई देश ब्रूनेई के धनी सुल्तान हसनल बोल्किया ने घोषणा की है कि कोई भी नागरिक क्रिसमस सेलिब्रेट करते हुए पकड़ा गया तो जेल में डाल दिया जाएगा। कैद पांच साल की या होगी। देश के गैर-मुस्लिम लोगों को अपने समुदाय में त्यौहार मनाने की इजाजत होगी। हालांकि, वह भी अपने समुदाय से बाहर जाकर इसे नहीं मना सकेंगे।
यदि उन्होंने मुस्लिमों को इसमें शामिल किया तो उन्हें भी जेल की सजा हो सकती है। कभी ब्रिटेन का उपनिवेश रहे ब्रूनेई में निरंकुश मुस्लिम राजशाही है। बोर्नियो द्वीप पर स्थित इस रूढ़िवादी मुस्लिम देश ने कहा है कि किसी भी मुस्लिम को इस मौके पर बधाई देते हुए पाया गया या उसने संता क्लाज की टोपी पहनी तो जेल की सजा भुगतनी होगी।
देश के संस्कृति मंत्री ने अपने एक बयान में कहा, 'यह इसलिए बाध्यकारी है ताकि क्रिसमस के खुलेआम उत्सव पर नियंत्रण पाया जा सके। क्रिसमस के उत्सव से हमारी इस्लामिक आस्था प्रभावित होती है।'
गौरतलब है कि यहां के लोग काफी संपन्न हैं और स्वास्थ्य व शिक्षा का स्तर भी काफी अच्छा है। पेट्रोलियम संपन्न इस देश की कुल चार लाख 20 हजार की आबादी में से 65 फीसदी मुस्लिम हैं।
एयर इंडिया के विमान को बस ने मारी जोरदार टक्कर
कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े एयर इंडिया के एयरक्राफ्ट को जेट एयरवेज की बस ने टक्कर मार दी। यह टक्कर विमान के इंजन से हुई। हालांकि, एक बड़ा हादसा होने से टल गया, क्योंकि इंजन में टक्कर लगने से धमाका होने की आशंका रहती है।
बस ने संतुलन खोकर ये टक्कर मारी थी। बताया जा रहा है कि इससे प्लेन को काफी नुकसान हुआ है। शुक्र रहा हादसे के दौरान न तो बस में यात्री थे न ही एयरक्राफ्ट में, जिसके चलते किसी को भी चोट नहीं लगी है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा रास्ता संख्या-32 (बे नंबर-32) पर हुआ है। आपको बता दें कि एयरपोर्ट पर बस और विमान के रास्ते अलग-अलग होते हैं। अभी यह पता नहीं चल सका है कि आखिर जेट एयरवेज की ये बस विमान के रास्ते में कैसे आ गई।