फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअपः पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें और हो जायें अपडेट

Mon, 15 Feb 2016 06:51 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
जेएनयू विवाद के बाद देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उसी वक्त कोर्ट परिसर में वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया।
विज्ञापन


उन्होंने जेएनयू छात्रों और मीडियाकर्मियों की पिटाई की और सभी को कोर्ट से बाहर निकालते हुए कन्हैया की पेशी का विरोध किया। वकीलों ने कहा कि हम कन्हैया को कोर्ट में पेश नहीं होने देंगे और पेश हुआ तो उसकी पिटाई होगी।

वकील वहां मौजदू लोगों से उन्हें पूछ-पूछ कर पीट रहे थे कि क्या आप जेएनयू से हैं अगर कोई हां कह देता तो वो उसकी पिटाई कर रहे थे। वकीलों ने कोर्ट का घेराव करके कोर्ट को बंद कर दिया जिससे कन्हैया की पेशी टल गई।
विज्ञापन


यह घटना भारत माता की जय के जयकारे से शुरू हुई और कन्हैया के समर्थन में मौजूद लोगों को पीटने और कोर्ट परिसर के बाहर खदेड़ने तक चली। छात्रों का कहना है कि वकील बीजेपी से जुड़े हुए हैं। वकीलों ने मीडियाकर्मियों से भी बदसलूकी की।

फिर उठी जाट आरक्षण की मांग, रेल ट्रैक-NH-10 जाम

जाट आरक्षण की आग रोहतक पहुंच गई है। आंदोलनकारियों ने रोहतक से दिल्ली के सभी रास्ते बंद कर दिए। रेलवे ट्रैक और सड़क पर प्रदर्शनकारी डटे हैं। एनएच-10 दो दिनों से बंद है। रोहतक दिल्ली, रोहतक-झज्जर, रोहतक-बेरी और रोहतक सोनीपत रोड जाम हैं।

आंदोलन के चलते जहां इस्माइला स्टेशन पर जाटों ने दो पैसेंजर ट्रेनों को रोक लिया, वहीं कई गाड़ियों को बहादुरगढ़ और आसौदा स्टेशनों पर रोका गया है। प्रशासन ने दिल्ली से आने और जाने के लिए जो भी रूट डायवर्ट किए थे, उन पर आंदोलनकारियों ने सुबह से कब्जा कर लिया है। आंदोलनकारियों से बातचीत के लिए कृषि मंत्री ओपी धनखड़ पहुंचे।

इस दौरान खाप नेता मान गए, लेकिन युवाओं ने किसी भी प्रकार का आश्वासन लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद जाट आंदोलनकारियों ने इस्माइला में रेल रोकी। सांपला में खापों की बैठक जारी है। वहीं, करौंथा गांव में निजी वाहन में तोड़फोड़ की सूचना है। जाटों ने कहा कि उन्हें बार-बार आंदोलन करने का शौक नहीं है।

गौरतलब है कि पुलिस रोहतक में सरंपचों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में व्यस्त है। इस वजह से जगह-जगह जाम के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाटों ने कहा कि सरकार हमारा हक छीन रही है। इस बार हक के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। चाहे फिर से कुर्बानियां क्यों न देनी पड़े।

साइको थ्रिलर से कम नहीं दीप्ति किडनैपिंग केसः एसएसपी

गाजियाबाद की दीप्ति की अपहरण की गुत्थी को सुलझाते हुए गाजियाबाद पुलिस ने पांचों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और वारदात में इस्तेमाल हुई स्वि‌फ्ट कार और आई 10 भी बरामद कर ली गई है। जो कहानी बताई वो किसी भी फिल्मी कहानी से कम नहीं। गाजियाबाद पुलिस के एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने इसे एक साइको थ्रिलर करार दिया है।

उन्होंने बताया कि यह एकतरफा आकर्षण की कहानी है। आरोपी का नाम देवेंद्र है जो सोनीपत का एक नामी अपराधी है और दीप्ति को इसने पहली बार जनवरी-फरवरी 2015 में देखा था। इसे दीप्ति को देखते ही उससे प्यार हो गया था। देवेंद्र तब से ही दीप्ति का पीछा करने लगा था। दीप्ति का ही पीछा करने के लिए उसने सबसे पहले दो ऑटो खरीदे और अपने दोस्त प्रदीप के साथ गाजियाबाद में ऑटो चलाने लगा।

देवेंद्र ने कभी किसी पर ये जाहिर नहीं होने दिया कि वो किस इरादे से ऑटो चला रहा है। जब वो दीप्ति के बारे में काफी कुछ जान गया और उसके दोस्त के बारे में भी जान गया तब उसने अपना प्लान अमल में लाना शुरू किया। देवेंद्र ने दीप्ति को अगवा करने की अपनी मंशा अपने किसी भी दोस्त पर जाहिर नहीं की।

अपने गांव में और पूरे समय वो दीप्ति के सामने अपने आप को एक हीरो की तरह पेश करता रहा और अपने दोस्तों को विलेन। वो बार-बार दीप्ति से कहता कि वो उसे कुछ नहीं होने देगा। देवेंद्र ने दीप्ति को बताया कि तुम्हारा दोस्त बहुत खराब है और उसके कई लड़कियों से संबंध हैं। इसके वह उनके चंगुल से भाग निकली और सकुशल घर पहुंच गयी।

'देश का बंटवारा कराना चाहते हैं राहुल'

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) विवाद में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश विरोधी नारा लगाने वाले लोगों का समर्थन कर आप क्या बताना चाहते हैं।

शाह ने कहा राहुल गांधी 'भारत विरोधियों और अलगाववादियों' का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने राहुल से पूछा कि अलगाववादियों को समर्थन के जरिए क्या एक बार फिर से देश का बंटवारा कराना चाहते हैं। वे तो संविधान द्वारा दी गई अभिव्यक्ति की आजादी का दुरुपयोग कर रहे हैं।

शाह का यह बयान गृहमंत्री हाफिज राजनाथ सिंह के रविवार के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने यूनिवर्सिटी में देश विरोधी नारे लगाने वाले लोगों को सईद का समर्थन होने की बात कही थी। उनके इस बयान के बाद काफी विवाद भी हुआ था। गौरतलब है कि 9 फरवरी को जेएनयू में कुछ छात्रों ने अफजल गुरू के समर्थन में नारे लगाए थे। विवाद के बाद जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष को गिरफ्तार किए जाने के बाद कांग्रेस समेत कई राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों ने इसका विरोध किया था।
विज्ञापन

लखनऊ में सीएम आवास के पास मिली लड़की की लाश

यूपी की राजधानी में पांच दिन पहले लापता हुई लड़की की लाश सोमवार को सीएम आवास के पास लटकती मिली। जानकीपुरम से पांच दिन पहले लापता इंटर छात्रा का शव सोमवार सुबह सीएम आवास और डीजीपी ऑफिस के बीच नाले के किनारे पेड़ से लटका पाया गया।

मृत छात्रा के कपड़े फटे हुए और अस्त-व्यस्त थे। सिर पर चोटों के निशान थे। आसपास खून बिखरा था। उसकी साइकिल और बैग गायब था। परिवारीजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि छात्रा का मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाया गया था।

रिक्शा चालक को उठाकर पूछताछ करने पर छात्रा की हत्या का राज खुला। डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट एक्सपट्र्स ने मौके पर जाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। एएसपी ट्रांस गोमती जयप्रकाश का कहना है कि छात्रा के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की छानबीन की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें