जेएनयू में देशविरोधी नारेबाजी और संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की बरसी को शहादत दिवस के रूप में मनाने के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेएनयू के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गृहमंत्री के सख्त रुख के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। गृहमंत्री ने कहा था कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूछताछ के बाद कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
कन्हैया को गिरफ्तारी किए जाने के बाद एहतियात के तौर पर वसंत कुंज थाने के गेट को बंद कर दिया गया है। पुलिस की टीम ने कन्हैया से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में भी पेश किया गया जहां उसने कहा कि उसने शहादत दिवस का कार्यक्रम नहीं कराया। हमने एबीवीपी को हराया इसलिए वो हमें निशाना बना रहे हैं। इस कार्यक्रम को करने वाले 10 लोग जेएनयू छात्रसंघ के नहीं हैं।
वहीं इस मुद्दे पर जेएनयू के वीसी ने कहा कि एक उच्च स्तरीय जांच कमीटी बनाई जा रही है ताकि मामले की सही से जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
विज्ञापन
पाकिस्तानी अंपायर पर बीसीसीआई ने लगाया बैन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन के आरोप में पाकिस्तान के बड़े अंपायरों में शुमार असद रऊफ पर 5 साल का प्रतिबंध लगा दिया है।
बीसीसीआई के इस फैसले के बाद असद रऊफ भारतीय बोर्ड या उससे संबंधित अन्य संघों के तत्वावधान में होने वाले किसी भी टूर्नामेंट में न खेल सकेंगे ना ही अंपायरिंग कर सकेंगे।
साथ ही अंपायर रऊफ आईपीएल 2013 में आईपीएल में हुए स्पॉट फिक्सिंग मामले में मुंबई पुलिस की चार्जशीट में 'वांटेड' लोगों की सूची में शामिल थे। उन्होंने उस साल आईपीएल के दौरान अपने खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने से पहले ही भारत छोड़ा था।
यूपी बजट: स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास पर जोर
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 12 फरवरी को 12.20 मिनट पर बतौर वित्त मंत्री पांचवां बजट पेश किया। सीएम ने अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। बजट में यूपी के लिए 3.46 लाख करोड़ रुपये हैं।
ये बजट पिछले बजट से 14.6 प्रतिशत ज्यादा है। बजट पेश करने के दौरान सीएम अखिलेश यादव ने कहा, हमने तमाम अड़चनों के बाद भी अपने ज्यादातर वादों को पूरा किया। विधानसभा चुनाव से पहले अपने इस आखिरी बजट के जरिये मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों को लुभाने की कोशिश की।
ये हैं खास बिंदू - समाजवादी पेंशन का दायरा बढ़ा, 55 लाख लोगों को मिलेगी समाजवादी पेंशन। - आबकारी कर और वैट में 10-10 फीसदी की वृद्घि। - राजस्व प्राप्ति 3.40 लाख करोड़ का अनुमान। - वृद्धावस्था पेंशन 39 लाख लोगों तक पहुंचेगी। - समाजवादी पूर्वांचल एक्प्रेस को बजट मिला। - गन्ना मूल्य भुगतान के लिए 1336 करोड़। - यूपी में राजकीय मेडिकल कॉलेजों की संख्या 16 हुई। - यूपी में एमबीबीएस की सीट बढ़कर 1700 हुईं। - 10 लाख से ज्यादा किसानों को डीबीटी का लाभ मिलेगा। - सूखाग्रस्त जिलों के लिए 2057 करोड़ रुपये। - 1.18 करोड़ लोगों तक पहुंचेगा सभी योजनाओं का लाभ। - 1200 कौशल विकास प्रशिक्षक केंद्र खुलेंगे। - सूखाग्रस्त जिलों में चारा-दाना कार्यक्रम। - किसानों को 3 फीसदी पर ऋण देगी सरकार। - इंदिरा आवास के लिए 3162 करोड़ रुपए। - मलिहाबाद आम मंडी 79 करोड़ रुपए मिले। - लखनऊ मेट्रो के लिए 814 करोड़ रुपए मिले। - शहरों को मिलेगी 22 घंटे बिजली। - कन्नौज में विशेष आलू मंडी के लिए 102 करोड़ रुपये मिले।
शेयर बाजार की हलचल से परेशान होने की जरूरत नहींः जेटली
बजट से ठीक पहले शेयर बाजार में मची हलचल पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने निवेशकों और देश वासियों को भरोसा दिलाया है कि इससे परेशान होने की जरूरत नहीं है। शेयर बाजार में यह बेचैन अस्थायी है और जल्द ही इससे निजात मिल जाएगी।
पिछले कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ा बदलाव देखने में आ रहा है, जिसकी वजह से पूरी दुनिया में इसका असर देखने को मिल रहा है। भारतीय बाजार में जो बदलाव देखने को मिल रहा है वो इसका ही संकेत है। इसको लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है।
जहां तक भारत का संबंध है वहां सावर्जनिक बैकों के संबंध में मीडिया में कुछ चीजें चल रही हैं। रिजर्व बैंक अपने स्तर पर बैंकों की हालत में सुधार करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
कड़ी सुरक्षा के बीच भोजशाला में पढ़ी गई नमाज
मध्यप्रदेश के धार में स्थित भोजशाला में एक ही दिन सरस्वती पूजा और नमाज अदा किए जाने को लेकर तनावपूर्ण माहौल के बीच मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदायगी कर दी। हालांकि, इसका हिन्दू संगठनों ने विरोध किया था लेकिन प्रशासन ने इस विवाद को फिलहाल के लिए टाल दिया है। यह सब प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था की वजह से संभव हो पाया।
दोपहर करीब एक बजे के आस-पास मुस्लिम समुदाय के लोग भोजशाला में नमाज अदायगी के लिए आए और कुछ देर बाद प्रशासन ने उन्हें सुरक्षित वहां से निकाल लिया। इसके बाद हिन्दू संगठनों ने शोभा यात्रा निकाली। गौरतलब है कि बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजा और नमाज एक ही दिन पड़ जाने के कारण धार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
दंगों की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की। साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से आस पास के इलाकों पर नजर रखी जा रही थी। नमाज अदायगी के बाद प्रशासन ने कुछ राहत की सांस ली।
नेशनल हेराल्ड: सोनिया और राहुल गांधी को पेशी से छूट
सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में अदालती में पेशी से छूट दे दी है। कांग्रेस नेता और जाने-माने वकील अभिषेक मनुसिंघवी ने सुनवाई के बाद ये जानकारी दी।
समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड से जुड़ी वित्तीय मदद के बारे में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने वर्ष 2012 में एक याचिका दायर की थी और कांग्रेस के नेताओं पर 'धोखाधड़ी' का आरोप लगाया था।
इस मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कई अन्य नेता एक बार पटियाला हाउस में पेश हो चुके हैं। जिन कांग्रेस नेताओं के नाम इस मामले में शामिल हैं उनमें सैम पित्रोदा, सुमन दुबे, ऑस्कर फर्नांडिस और मोतीलाल वोरा भी शामिल हैं।
अमर उजाला की खबर का हुआ असर, रिश्वत लेने वाला दरोगा निलंबित
यूपी के बिजनौर में अपराध की धारा हटाने और बाप-बेटे के विवाद में समझौता कराने के नाम पर एक व्यक्ति से रिश्वत लेने वाले नांगल थाने के दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर रिश्वत का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं एसपी ने बताया कि आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है।
नांगल थाने के गांव पुंडरीकला निवासी राम कुमार का 25 जनवरी को अपने बेटे सुनील से जमीन को लेकर विवाद हो गया था। सुनील ने रामकुमार को फावड़े से प्रहार करके घायल कर दिया था और देशी बंदूक से फायर भी किया था।
पुलिस ने देशी बंदूक के साथ सुनील को दबोच लिया था। सुनील का 25 आर्म्स एक्ट में चालान हुआ था। सुनील जमानत पर जेल से बाहर आया। नांगल थाने में तैनात दरोगा विजय सिंह ने बाप बेटे में फैसला कराने और सुनील पर लगी धारा हटाने के नाम पर राम कुमार से 20 हजार रुपये मांगे। नांगल की एक मिठाई की दुकान पर दरोगा ने रामकुमार से रिश्वत के रूप में 15 हजार रुपये लिए।