पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन में हुए आतंकी हमले की जांच कर रही नेशनल इंवेस्टीगेटिंग एजेंसी (एनआईए) गुरदासपुर के एसपी सलविंदर सिंह का पॉलिग्राफ परीक्षण करेगी। एजेंसी इस बात की पुष्टि करना चाहती है कि सलविंदर कोई बात छिपा तो नहीं रहे। नेशनल इंवेस्टीगेटिंग एजेंसी (एनआईए) गुरदासपुर के एसपी सलविंदर सिंह को पॉलिग्राफ टेस्ट के लिए दिल्ली ले गई है।
इसी बीच एसपी सलविंदर की बेटी उनके समर्थन में आ गई है। उनकी बेटी ने कहा है कि मेरे पापा बेकसूर हैं। NIA की जांच में सलविंदर सिंह पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए रवनीत कौर ने कहा कि मेरे पापा, आज जिंदा है तो उन पर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। उन पर इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए।
गौरतलब है कि एयरफोर्स स्टेशन पर हमले से एक रात पहले आतंकियों ने गुरदासपुर के एसपी सलविंदर सिंह की महिंद्रा एसयूवी कार समेत उन्हें अगवा कर लिया था और बाद में उन्हें बिना नुकसान पहुंचाए छोड़ दिया था। एनआईए को शक है कि सलविंदर कोई बात छिपा रहे हैं जिसकी पुष्टि करने के लिए एनआईए उनका पॉलिग्राफ परीक्षण करेगी।
DDCA:केजरीवाल के बनाए जांच आयोग को केंद्र ने बताया गैर कानूनी
दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच एक बार फिर से तलवारें खिंचने की नौबत आ गई है। डीडीसीए में हुए कथित घोटाले की जांच के लिए दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए गोपाल सुब्रह्मण्यम आयोग को केंद्र सरकार ने असंवैधानिक और गैर कानूनी करार दे दिया है।
दिल्ली के एलजी नजीब जंग के माध्यम से भेजे गए अधिसूचना में गृह मंत्रालय ने साफ किया है कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त नहीं है इसलिए, उसे इस तरह का आयोग बनाने का कानूनी अधिकार नहीं है।
केंद्र के नोटिफिकेशन पर जवाब देते हुए आम आदमी पार्टी ने कहा है कि डीडीसीए में अनियमितता की जांच के लिए बनाई गई समिति की संवैधानिकता का फैसला करने का अधिकार केवल अदालत को है।नोटिफिकेशन पर केंद्र सरकार को घेरते हुए आप ने कहा है कि इस तरह के आदेश का मकसद दिल्ली सरकार को डराने की कोशिश मात्र है।
सपा नेता बोले, अयोध्या राम मंदिर के लिए दूंगा 10 लाख
समाजवादी पार्टी के नेता बुक्कल नवाब ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनना चाहिए।
बुक्कल नवाब का कहना है, जब मंदिर का निर्माण शुरू होगा तो मैं 10 लाख रुपये दान करूंगा और भगवान राम के लिए सोने का मुकुट भी दान करूंगा।
उन्होंने कहा, मुस्लिम हूं और भगवान राम का बहुत सम्मान करता हूं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनना चाहिए। बता दें कि बुक्कल नवाब उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं। बुक्कल नवाब का ये बयान ऐसे समय आया जब उत्तर प्रदेश में मंदिर निर्माण को लेकर माहौल पहले से ही गर्म है।
केजरीवाल के घर के बाहर शख्स ने खाया जहर
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर आज उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक व्यक्ति सड़क पर चिल्लाते हुए वहां पहुंचा और बेहोश हो गया। उस वक्त उसके साथ उसकी पत्नी भी थी।
केजरीवाल के घर के बाहर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जब उसकी पत्नी से पूछा तो पता चला कि उसने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। इतना सुनते ही सुरक्षाकर्मियों ने उसे आनन-फानन में अरुणा आसफअली अस्पताल में भर्ती कराया।
बता दें कि केजरीवाल के घर के बाहर जिस शख्स ने जहर खाया वो दिल्ली के डाबरी का रहने वाला अनूप सिंह है। वो जनता दरबार में केजरीवाल से मिलने आया था।
एक्सप्रेसवे पर भिड़ीं 40 गाड़ियां, फंसी रही हेमा मालिनी
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह छाए घने कोहरे से लोग हलाकान हो गए। गौरतलब है कि कोहरे के चलते आज यमुना एक्सप्रेसवे पर आज एक के बाद एक पांच जगह गाड़ियों की आपस में भिड़ंत होने के चलते चालीस गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसी वजह से एक्सप्रेसवे बंद कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहरे की चादर इतनी घनी थी कि, उस पर गुजरने वाली गाड़ियों को आगे कुछ नहीं दिखाई दिया। यही वजह है कि ये गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
बता दें कि यमुना एक्स्प्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से 7 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 26 किलोमीटर, 36 किलोमीटर, 63 किलोमीटर दूरी पर पांच दिल दहलाने देने वाले हादसे हुए। इन पांचों हादसों में कुल 40 गाड़ियां आपस में टकरा गईं और इसी वजह से यमुनाएक्सप्रेसवे पर आवाजाही बंद कर दी गई।
आवाजाही बंद होने की वजह से एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया है जिसमें मथुरा से बीजेपी सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी भी फंस गई ।गौरतलब है कि जीरो प्वाइंट से 10 किलोमीटर की दूरी पर जो एक्सीडेंट हुआ है उसमें 4 गाड़ियां एक ट्रक में जा भिड़ीं थी।
100 फीट की ऊंचाई से गिरे मशहूर स्टंटमैन की मौत
अपने स्टंट से खतरे को भी डराने वाले फ्रांसीसी स्टंटमैन का 100 फुट की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई।टेंक्रेडे मेलेट नामके स्टंट मैन उस वक्त हादसे का शिकार होकर जान गंवा बैठे जब वे हॉट एअर बैलून में करीब 100 फुट की ऊंचाई पर एक रस्सी के सहारे खतरनाक करतब दिखाने की कोशिश कर रहे थे।
उनके एक साथी ने बताया कि वे दो हॉट एअर बैलून्स के बीच रस्सी पर चलते हुए करतब कर रहे थे लेकिन जब उन्होंने एक टोकरी से करतब दिखाने की कोशिश कर रहे थे तभी उनके हाथ से टोकरी फिसल गई और वह 100 फुट की ऊंचाई से गिर गए।
हॉट एअर बैलून से गिरकर जान गंवाने वाले मेलेट कई बार हैरान करने देने वाले करतबों जैसे दो पहाडों के बीच मौजूद सैकड़ों फिट खाईं के ऊपर रस्सी पर चलने के शो आयोजित कर चुके थे।
आमिर, शाहरुख को लगा झटका, हटाई गई सुरक्षा
बॉलीवुड के दो बड़े सितारे आमिर खान और शाहरुख खान को मुंबई की पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। हाल में विवादों में रहे सितारों की सुरक्षा पर पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है।
पिछले काफी समय से आमिर खान और शाहरुख खान सुर्खियों में हैं। लेकिन सुर्खियों की वजह उनकी एक्टिंग और फिल्म ना होकर उनके बयान हैं।
इन बयानों को लेकर वो बेहद परेशान भी रहे हैं।आमिर खान ने कुछ समय पहला देश में असहिष्णुता पर बोला था, कि उनकी पत्नी कभी-कभी को ये देश छोड़ने की बात कह देती हैं। उन्हें मुल्क के हालात और बढ़ रही असहनशीलता से डर लगता है। इतना कहकर आमिर ने रातों-रात अपने दुश्मन बढ़ा लिए।
शाहरुख खान ने भी पिछले साल असहिष्णुता की बहस के बीच अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि देश में असहिष्णुता बढ़ी है। इस बयान के बाद शाहरुख को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
नीतीश ने की मोदी के पाक दौरे को ठहराया सही कदम
लगता है कि पीएम मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच की तल्खियां कुछ कम हो गई हैं, और शायद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई
हैं।पठानकोट हमले के बीच अपने पाकिस्तान दौरे का विरोध झेल रहे पीएम मोदी को नीतीश कुमार का समर्थन मिला। बिहार सीएम नीतीश कुमार ने
प्रधानमंत्री के पाक दौरे के दौरान पाक पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात का खुले तौर पर समर्थन किया है।नीतीश ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की
पाकिस्तान यात्रा सही थी। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बेहतर रिश्तों के लिए उठाए गए ऐसे हर कदम का स्वागत किया जाना चाहिए।
केजरीवाल-जेटली को एक मंच पर लाई ममता
वित्त मंत्री अरुण जेटली और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक साथ नजर आए। कोलकाता में आयोजित एक सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे दोनों नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया।
कोलकाता में आयोजित बंगाल ग्लोबल बिजनेस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ममता बनर्जी ने इन दोनों नेताओं को आमंत्रित किया था। इसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए ये दोनों नेता दिल्ली से कोलकाता पहुंचे थे और इसी दौरान दोनों ने मंच साझा किया।
गौरतलब है कि दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में कथित तौर पर हुए घोटाले को लेकर केजरीवाल और अरुण जेटली के बीच काफी तनातनी है।
अरविंद केजरीवाल डीडीसीए घोटाले के लिए जहां अरुण जेटली को मुख्य जिम्मेदार मानते हैं वहीं जेटली ने उनके सभी आरोपों को खारिज कर दिया। जेटली ने इसे केजरीवाल की बदनाम करने वाली राजनीति करार देते हुए उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा तक ठोक दिया है।
टॉप 10 रैंकिंग में आए अजिंक्य रहाणे
अजिंक्य रहाणे पहली बार आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष 10 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। टॉप 10 में पहुंचने वाले वह इस वक्त इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं।एक तरफ अजिंक्य रहाणे को बिना बल्ला चलाए बड़ी खुशी मिल गई। वहीं, दूसरी ओर टी-20 रैकिंग में टीम इंडिया के लिए बुरी खबर है।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में टीम इंडिया की टी-20 रैंकिंग गिरती जा रही है, अब टीम 7वें स्थान से 8वें स्थान पर खिसक गई। इससे पहले आठवें नंबर पर न्यूजीलैंड टीम चल रही थी। गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ टी-20 मैच जीतने से पहले कीवी टीम भारत से 2 अंक पीछे थी, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ शानदार जीत के बाद उसे 3 अंक मिले और वह भारत से एक अंक ज्यादा के साथ ऊपर पहुंच गई। टीम इंडिया इस वक्त 110 रेटिंग के साथ आठवें नंबर पर है।
जबकि कीवी टीम 111 रेटिंग के साथ सातवें नंबर पर। कुछ समय पूर्व टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दोनों टी-20 मैच गंवाए थे। वहीं हार के बावजूद श्रीलंकाई टीम 121 रेटिंग के साथ टॉप पर है, जबकि कैरेबियाई टीम 118 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है।
अमेरिका देगा पाक का साथ, हथियार भी देगा
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर हुए आतंकी हमले और उसमे पाकिस्तानी आतंकियों के हाथ होने के सबूत सामने आने के बाद अमेरिका ने भी इसकी निंदा की है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उसने पाकिस्तान को मदद देने से तौबा कर ली है। वह पाकिस्तानी सेना से हाल में हुई सैन्य हथियारों के आपूर्ति की डील को रद्द नहीं करेगा।
हालांकि, कई सांसदों ने इसका विरोध भी किया है।अमेरिकी कांग्रेस के कई सदस्यों ने ट्वीट के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकियों के हमले की निंदा की है और इसका विरोध भी किया है। इसके अलावा व्हाइट हाउस की तरफ से भी हमले की निंदा की गई है लेकिन अमेरिका ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने की बजाय उसके समर्थन ही कर रहा है।
अमेरिका ने पाकिस्तानी सेना को हथियार मुहैया करने की अपनी नीति को बदलने की बजाय उसे उसी तरह हथियार उपलब्ध कराता रहेगा जैसे पहले करता था। जबकि वह पूरी तरह से वाकिफ है कि आतंकवाद को बढ़ावा देने में पाकिस्तानी सेना का किस कदर योगदान है।