दिन की सबसे बड़ी खबर सुबह सवेरे दिल्ली के एम्स से आई। जहां जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का इंतकाल हो गया। सुबह 8 बजे उन्होंने एम्स में आखिरी सांसें ली। वो 79 साल के थे और पिछले कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थे। 22 दिसंबर को उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।
मुफ्ती मोहम्मद सईद पिछले साल ही जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री बने थे। भाजपा के साथ मिलकर उन्होंने पिछले साल ही जम्मू-कश्मीर की सरकार बनाई थी।
मुफ्ती मोहम्मद सईद की तबीयत बीते मंगलवार को बेहद नाजुक हो गई थी। सांस लेने में दिक्कत और छाती में संक्रमण के चलते ही उन्हें पिछले दिनों नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।
'भारत ने पाक को सौंपे सबूत, गेंद पाकिस्तान के पाले में'
दिन की एक और बड़ी खबर रही भारत के पठानकोट में हुए आतंकी हमले की साजिश के सबूत पाकिस्तान को सौंपने की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पठानकोट में हुआ आतंकी हमला सीमा पार से चल रहे आतंकवाद का उदाहरण है। यह एक चुनौती की तरह हमारे सामने खड़ा है।
उन्होंने कहा कि अब गेंद पाकिस्तान के पाले में हैं और आतंकवादी हमले की साजिश कहां रची गई, इसके सुबूत पाकिस्तान को दे दिए गए हैं। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से बातचीत की है।
नवाज शरीफ ने भरोसा दिलाया है कि वो इस हमले को लेकर सख्त कार्रवाई करेंगे। अब भारत इस बात का इंतजार कर रहा है कि पाकिस्तान इस पर क्या कार्रवाई करता है।
नायडू ने सोनिया से मुलाकात कर जीएसटी पर मांगा सहयोग
दूसरी ओर शीत सत्र में अटके पड़े जीएसटी सहित विभिन्न बिलों पर बजट सत्र में सहमति बनाने के लिए सरकार ने कवायद तेज कर दी है। बिल पास होने में सबसे बड़ी बाधा बने विपक्ष को साधने के लिए सरकार के रणनीतिकार भी सक्रिय हो गए हैं, इसी कड़ी में केन्द्रीय संसदीय मंत्री वैंकया नायडू ने कांग्रेस उपाध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
पीटीआई के अनुसार वैंकया गुरुवार को सोनिया गांधी से मिलने के लिए उनके निवास पर पहुंचे। सरकार की पूरी कोशिश है कि शीत सत्र में विफल रहने के बाद वह बजट सत्र में जीएसटी और रियल एस्टेट बिल को पास करवा ले, लेकिन उसके रास्ते में सबसे बड़ी बाधा मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस बना हुआ है।
खासकर राज्यसभा में केन्द्र सरकार बेबस नजर आती है क्योंकि वहां उसके पास बहुमत नहीं है। इसलिए नायडू ने कांग्रेस के सहयोग के लिए कवायद शुरू कर दी है।
आमिर की जगह अमिताभ होंगे अतुल्य भारत के ब्रांड एंबेसेडर
भारत सरकार के अतुल्य भारत अभियान के ब्रांड एंबेसेडर संबंधी विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। अब इसके ब्रांड अंबेसेडर अभिनेता आमिर खान के बजाय अमिताभ बच्चन होंगे। पर्यटन मंत्रालय ने इसकी पुष्टि कर दी है कि आमिर खान की भूमिका अतुल्य भारत अभियान में पूरी हो गई है। विपक्ष इसे साजिश बता रहा है तो आमिर ने भी अपना बयान जारी कर दिया है।
पर्यटन मंत्रालय के अनुसार सरकार और उस कंपनी का करार अब पूरा हो गया है, जिसके ब्रांड अंबेसेडर आमिर खान थे। ऐसे में कपनी के साथ आमिर की भूमिका भी समाप्त हो चुकी है। जबकि विपक्ष ने इसमें साजिश करने का आरोप लगाया है। विपक्ष के मुताबिक सरकार कंपनी के बहाने असहिष्णुता वाले बयान के चलते आमिर खान को निशाना बना रही है।
जानकारी के मुताबिक नई कंपनी के करार के साथ इसके नए ब्रांड एंबेसेडर का चुनाव भी हो गया है। इसके लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन को चुना गया गया है। वह पहले से गुजरात पर्यटन के भी ब्रांड एंबेसेडर हैं।
यूपी में घोषित हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के रिजल्ट
उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले गए। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बाद तक वोटिंग हुई।
मतदान खत्म होते ही मतगणना कराई गई जिसमें शाम चार बजे से चुनाव के नतीजे आने शुरू हुए। चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान की वीडियोग्राफी के आदेश दिए थे।
इन जिलों में हुआ चुनाव
रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बलरामपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, हापुड़, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, ओरैया, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, उन्नाव, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर व सोनभद्र में चुनाव संपन्न हुआ।
लीबिया में विस्फोटक लदे ट्रक में धमाका, 50 मरे
लीबिया के जिलेटन शहर में एक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में हुए आत्मघाती बम विस्फोट में 50 लोगों की मौत हो गई है। लीबिया की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक ट्रक में विस्फोटक रखकर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में विस्फोट किया गया।
शुरूआती रिपोर्ट के मुताबिक 50 लोगों के मारे जाने और इतने ही लोगों के घायल होने की खबर है। अभी तक इस आत्मघाती हमले की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। इस हादसे में और अधिक लोगों के मरने की आशंका है।
लीबिया के स्थानीय मीडिया के मुताबिक यह अभी तक के सबसे खतरनाक आत्मघाती हमलों में से एक है। यह हमला अल-जाफल ट्रेनिंग कैंप में हुआ। यह ट्रेनिंग कैंप मुहम्मर गद्दाफी के शासन के समय मिलिट्री बेस के रूप में काम करता था। आईएसआईएस के बढ़ते प्रभाव के चलते लीबिया में भी लगातार अस्थिरता बढ़ती जा रही है। जहां बम विस्फोट हुआ है वो जगह मिसराता से 60 किलोमीटर दूर है।
गजेन्द्र चौहान ने FTII में कामकाज संभाला
भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के अध्यक्ष अभिनेता गजेंद्र चौहान के संस्थान पहुंचने से पहले और उनके पहुंचने के बाद छात्रों ने ज़बरदस्त विरोध किया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट पर 'चौहान गो बैक' और ' तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाए, छात्र अपने हाथों में नारे लिखीं तख्तियां लिए हुए थे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 40 छात्रों को हिरासत में ले लिया है।
छात्रों का कहना है कि पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज भी किया। पुलिस ने गुरुवार सुबह से ही संस्थान में डेरा डाल दिया था। एफ़टीआईआई का अध्यक्ष बनने के बाद गजेंद्र चौहान पहली बार संस्थान पहुंचे थे।