दिलीप कुमार को आज उनके आवास पर पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें ये सम्मान दिया। बॉलीवुड के लीजेंड 93 वर्षीय अभिनेता दिलीप कुमार को पुरस्कार उनके निवास पर गृहमंत्री द्वारा प्रदान किया गया। उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस भी रहे। सरकार ने दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन और अन्य को पद्म विभूषण देने की घोषणा इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की थी।
खराब सेहत के चलते अभिनेता दिलीप कुमार अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे। इसलिए उनको सम्मानित नहीं किया जा सका था। 1944 में फिल्मों में कदम रखने वाले दिलीप कुमार ने करीब तीन दशकों तक बॉलीवुड पर राज किया। उनके नाम पर कई शानदार फिल्में हैं। मुगल-ए-आजम के उनके रोल को आज भी याद किया जाता है। शाहजादा सलीम के रोल में उन्होंने कमाल किया था।
दिलीप कुमार और सायरा बानो की शादी वर्ष 1966 में। हुई थी। सायरा, दिलीप से 22 साल छोटी हैं। वो हर मौके पर उनके साथ रहती हैं। पिछले काफी समय से दिलीप कुमार की तबीयत खराब रहती है। इसलिए वो सार्वजनिक स्थान पर कम ही दिखते हैं।
रेलवे ने तोड़ी 500 झुग्गियां, केजरीवाल नाराज
रेलवे ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार शाम में पंजाबी बाग सीमेंट साइट की तरफ सैकड़ों झुग्गियों को तोड़ डाला। बताया जा रहा है एनजीटी के आदेश के बाद इन झुग्गियों पर रेलवे व पुलिस ने कार्रवाई की।
इस कार्रवाई के दौरान एक बच्चे की मौत की भी सूचना है। इस मामले में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि इतनी सर्दी में रेलवे वालों ने 500 झुग्गियां तोड़ दीं। एक बच्चे की मौत हो गई। भगवान उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
बताया जा रहा है एनजीटी के आदेश के बाद इन झुग्गियों पर रेलवे व पुलिस ने कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान एक बच्चे की मौत की भी सूचना है। लोगों के रहने व खाने के इंतजाम में लगाए गए एसडीएम के आवश्यक कदम न उठाने पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एसडीएम को सस्पेंड कर दिया है और मध्य रात्रि के बाद मौके के लिए रवाना हो गए।
हैदराबाद में ड्राइवर को ऑटो समेत जलाने की कोशिश
हैदराबाद से एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। वहां पर एक ऑटो ड्राइवर को ऑटो समेत जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह किसने किया है।
हालांकि, इस खौफनाक वारदात में ऑटो ड्राइवर की जान तो बच गई, लेकिन वो बुरी तरह जल गया। ऑटो ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वीडियो में आपको अधजले व्यक्ति की तस्वीर साफ नहीं दिखाई जा सकती है, क्योंकि वह काफी बुरी तरह से जल गया है। वहां मौजूद लोगों ने जल्दी से एंबुलेंस को फोन कर बुलाया, जिसके बाद व्यक्ति की जान बच सकी। फिलहाल जांच की जा रही है कि आखिर यह किसकी हरकत है।
ग्लोबल वार्मिंग पर लगाम लगाएंगे दुनियाभर के देश
धरती को और ज्यादा गर्म होने से बचाने के लिए हो रहे जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में अंतिम मसौदा तैयार करने को लेकर पिछले दो हफ्तों से चली आ रही रस्साकसी आखिरकार खत्म हो गई है। ऐतिहासिक अंतिम मसौदा शनिवार को सम्मेलन में पेश कर दिया गया।
मसौदे में ग्लोबल वॉर्मिंग को दो डिग्री सेल्सियस से नीचे रखने और 2020 से इस समस्या से निपटने के लिए विकासशील देशों को हर साल 100 अरब डॉलर की मदद देने की प्रतिबद्धता जताई गई है। मसौदा तैयार करने पर अंतिम सहमति नहीं बन पाने की वजह से शुक्रवार को सम्मेलन को एक दिन के लिए और बढ़ा दिया गया था।
मसौदे में जीवनशैली और विकासशील देशों की मदद संबंधी भारत की चिंताओं का भी ख्याल रखा गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस मसौदे पर सदस्य देश भी अपनी मंजूरी दे देंगे, जिससे यह मसौदा कानूनी तौर पर सदस्य देशों के लिए बाध्यकारी हो जाएगा। इस बीच, 134 विकासशील देशों वाले समूह समेत अमेरिका, चीन और सऊदी अरब ने जलवायु परिवर्तन पर प्रस्तावित मसौदे का स्वागत करते हुए उसे अपना समर्थन दे दिया है।
बुरुंडी में भारी हिंसा में 87 लोगों की मौत
बुरुंडी में सेना का कहना है कि शुक्रवार को हुई हिंसा में 87 लोगों की मौत हुई है। राजधानी बुजुमबुरा में हुई इस हिंसा में आठ सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं। सेना के मुताबिक बुजुमबुरा में 34 शव में मिले हैं।
देश में शुरू हुई अशांति के दौर के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में शव मिले हैं। नायकाबीगा जिले की कई सड़कों पर इधर उधर कई शव बिखरे देखे गए। सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों के अगले दिन ये शव मिले हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बदले की मंशा से इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों से भी शव मिलने की ख़बरें आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस घर-घर जाकर खोजी अभियान के बहाने युवाओं को गिरफ़्तार करने के बाद उनकी हत्या कर रही है।