रेल मंत्रालय की ओर से हाल ही में लागू नया टाइम टेबल 89 ट्रेनों के लिए वरदान बन गया है। नया टाइम टेबल लागू होने से इन 89 ट्रेनों के समय में पांच मिनट से लेकर 155 मिनट तक का फर्क पड़ा है।
यानी ये ट्रेनें अब पूर्व निर्धारित समय से काफी पहले गंतव्य तक पहुंच रही हैं, जिसका सीधा फायदा रेल यात्रियों को हो रहा है। नए टाइम टेबल को सख्ती से लागू करने और ट्रेनों का समय सुधारने के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों के स्टॉपेज भी कम किए हैं।
उन स्टॉपेज को खत्म कर दिया गया है जहां से ट्रेन के लिए पैसेंजर नहीं मिल रहे थे। ट्रेनों के आवागमन के दौरान आने वाली कई तरह की बाधाओं को भी समाप्त किया गया है। इसी का नतीजा है कि 89 ट्रेनों के समय में व्यापक सुधार हुआ है।