आम आदमी पार्टी के अमेठी से प्रत्याशी कुमार विश्वास का कहना है कि उनकी जनसंपर्क यात्रा के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तरफ से की गई मारपीट के बाद पुलिस ने आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की है।
अमेठी से प्रत्याशी कुमार विश्वास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों में मिलीभगत है और उनके खिलाफ दोनों ने हाथ मिलाया है।
कांग्रेस और सपा भाई-भाई
आम आदमी पार्टी के कार्यकताओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज न करने को लेकर स्टिंग किया है। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस और सपा भाई-भाई हैं।
कुमार विश्वास ने कहा कि कांग्रेस के नेता ने हमारी जनसंपर्क यात्रा के दौरान काफी हल्ला मचाया। इस दौरान हमें अपशब्द भी कहे और गुडों को बुलाने की बात भी कही है।
क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से लोकसभा चुनाव में उतरने वाले ‘आप’ नेता डॉ. कुमार विश्वास और कांग्रेसी नेता मुन्ना सिंह त्रिसुंडी के बीच शुक्रवार को झड़प हो गई।
घटना के विरोध में ‘आप’ नेता ने समर्थकों के साथ हाइवे पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। ‘आप’ नेता डॉ. कुमार विश्वास ‘झाडू लगाओ, बेईमान भगाओ’ कार्यक्रम के तीसरे दिन शुक्रवार को भादर ब्लॉक में थे।
करीब तीन बजे उनका काफिला दुर्गापुर चौराहे पहुंचा, जहां पहले से मौजूद कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह त्रिसुंडी की कुमार विश्वास से कहासुनी हो गई।
अभी तक नहीं दी गई तहरीर
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप पर उस समय विवाद शांत हो गया। इसके बाद कुमार विश्वास को कांग्रेस नेता के गांव त्रिसुंडी पहुंच गए और जनसंपर्क शुरू कर दिया। इस बीच कांग्रेस नेताभी कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
इस घटना के विरोध में ‘आप’ नेता ने इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर समर्थकों के साथ बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना पाते ही एसओ पीपरपुर एसएम यादव दलबल के साथ वहां पहुंच गए।
पुलिस ने ‘आप’ नेता को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एसओ ने बताया कि किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।