सेनाध्यक्ष के रूप में कार्यकाल के पहले ही दिन जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में अपने नापाक इरादों से बाज आने की चेतावनी दी।
उन्होंने पड़ोसी देश को चेताते हुए कहा कि सैनिकों के सिर काटने जैसी घटनाएं अगर भविष्य में दोबारा हुईं तो भारत उसका उचित, तीव्र और तत्काल जवाब देगा।
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में गार्ड ऑफ ऑनर हासिल करने के बाद जनरल सुहाग ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना फिर से होने पर हम उसका करारा जवाब देंगे। यह तीव्र और तत्काल प्रतिक्रिया होगी।
नए सेनाध्यक्ष से पिछले साल 8 जनवरी को पुंछ सेक्टर में एलओसी पर लांस नायक हेमराज के पाक सैनिकों द्वारा सिर काटे जाने पर भारत के पाकिस्तान को दिए जाने वाले जवाब पर सवाल किया गया था।