संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के लिए रणनीति बनाने के लिए एनडीए की आगामी शनिवार यानी 20 अप्रैल को बैठक होगी।
सत्र का दूसरा चरण 22 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है, जो 10 मई तक चलेगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर प्रस्तावित इस बैठक में यूपीए सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाने के साथ ही एनडीए के पीएम पद की उम्मीदवारी पर उपजे विवाद पर भी चर्चा होगी।
माना जा रहा है कि इस मसले पर भाजपा और जदयू के बीच तल्ख हुए संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश की जाएगी क्योंकि अब दोनों दल महसूस करने लगे हैं कि एकला चलो की रणनीति पर चलने से दोनों को नुकसान होगा।
इसके अलावा एनडीए बंगलूरू की ताजा बम विस्फोटों की घटना के समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए अपनी रणनीति तय करेगा।
इसी सत्र में बजट को हरी झंडी दिखाई जानी है, इसलिए बजट प्रस्ताव में कट मोशन लाने पर भी एनडीए चर्चा करेगा। संसद में लंबित विधेयकों को लेकर भी एनडीए अपनी रणनीति तय करेगा।