जिंदल स्टील के चेयरमैन और कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल ने 'जी नेटवर्क' समूह के समाचार चैनलों के दो संपादकों पर खबर रोकने के एवज में 100 करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाया है। आरोपों की पुष्टि के लिए जिंदल ने पत्रकार वार्ता में दोनों संपादकों के खिलाफ खिलाफ किए स्टिंग ऑपरेशन के टेप भी जारी किया। दिल्ली पुलिस ने आरोपों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने कहा कि कोयला घोटाले में उनकी कंपनी का नाम आने पर उनसे संबंधित खबर 'जी नेटवर्क' के चैनल 'जी न्यूज' और 'जी बिजनेस' पर दिखाई गई थी। इन्हीं खबरों को रोकने के एवज में पहले 20 करोड़ और बाद में 100 करोड़ रुपये मांगी गई। जिंदल ने जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी और जी बिजनेस के संपादक समीर आहलूवालिया पर आरोप लगाया कि उनसे 13, 17 और 19 सितंबर को कंपनी के लोगों की बैठक हुई, जिसमें उनसे मोटी रकम मांगी गई।
हालांकि जी न्यूज ने जिंदल के सभी आरोपों को झूठा करार दिया है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चैनल को बदनाम करने के लिए यह साजिश रची गई। जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी ने कहा कि जिंदल चार मिनट का टेप जारी कर सच्चाई को छुपा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टेप का पूरा हिस्सा नहीं दिखाया गया है।